सीनियर महिला हॉकी चैंपियनशिपः सेमीफाइनल में हरियाणा और झारखंड की शानदार जीत

युगवार्ता    10-Mar-2025
Total Views |
15वीं हॉकी इंडिया सीनियर महिला राष्ट्रीय चैंपियनशिप 2025


पंचकूला, 10 मार्च (हि.स.)। 15वीं हॉकी इंडिया सीनियर महिला राष्ट्रीय चैंपियनशिप 2025 - डिवीजन ‘ए’ अब अपने रोमांचक अंतिम चरण में पहुंच गई है। सोमवार को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबलों में हॉकी हरियाणा और हॉकी झारखंड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बना ली।

पहला सेमीफाइनल: हॉकी हरियाणा की दमदार जीत

पहले सेमीफाइनल में हॉकी हरियाणा ने हॉकी मिजोरम को 4-0 से पराजित कर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। इस मुकाबले में मिजोरम की टीम ने शुरूआती दो क्वार्टर में जबरदस्त डिफेंस दिखाया, लेकिन तीसरे क्वार्टर में हरियाणा की टीम ने आक्रामक रुख अपनाया और लगातार गोल दागते हुए मुकाबले को अपने नाम कर लिया।

हॉकी हरियाणा के लिए 41वें मिनट में सोनम ने पहला गोल किया। फिर 42वें मिनट में मोनिका ने दूसरा गोल दागा। इसके बाद 47वें मिनट में मनीषा ने और 57वें मिनट में टीम की कप्तान रानी ने चौथा गोल कर टीम की जीत को सुनिश्चित किया।

दूसरा सेमीफाइनल: शूटआउट में झारखंड की रोमांचक जीत

दिन के दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में हॉकी महाराष्ट्र और हॉकी झारखंड के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। दोनों टीमों ने शानदार खेल दिखाते हुए पूरे 60 मिनट तक कोई भी गोल नहीं होने दिया और मैच 0-0 की बराबरी पर समाप्त हुआ। इसके बाद मुकाबले का फैसला पेनल्टी शूटआउट के जरिए हुआ, जहां हॉकी झारखंड ने 3-2 से जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया।

पेनल्टी शूटआउट में हॉकी महाराष्ट्र के लिए काजल सदाशिव अतपडकर और प्रीति ने गोल किए। जबकि हॉकी झारखंड के लिए राजनी केरकेट्टा, कप्तान अलबेला रानी टोप्पो और शैमी बारा ने गोल दागकर टीम को जीत दिलाई।

अब सभी की निगाहें बुधवार को होने वाले खिताबी मुकाबले पर टिकी हैं, जहां हॉकी हरियाणा और हॉकी झारखंड के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिलेगी। दोनों ही टीमों ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन खेल दिखाया है और अब फाइनल में एक रोमांचक मुकाबला होने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags