जापान के ओकिनावा द्वीप पर महिला से दुष्कर्म, अमेरिकी नौसनिकों पर संदेह

युगवार्ता    24-Apr-2025
Total Views |
जापान के ओकिनावा में मरीन कॉर्प्स एयर स्टेशन फूटेन्मा पर पहरा देते अमेरिकी नौसैनिक। फाइल फोटो-यूएस नेवल इंस्टीट्यूट


टोक्यो, 24 अप्रैल (हि.स.)। जापान के ओकिनावा द्वीप में स्थानीय महिला के साथ हुए दुष्कर्म से हड़कंप मच गया है। जापान पुलिस को दो अमेरिकी नौसैनिकों पर संदेह है। ओकिनावा द्वीप पर लगभग 54,000 अमेरिकी सैन्यकर्मी तैनात हैं। यह द्वीप ताइवान के पूर्व और जापान के उपोष्णकटिबंधीय क्षेत्र में स्थित है।

जापान टुडे की खबर के अनुसार पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। सूत्रों ने बुधवार को बताया कि 20 वर्षीय एक अमेरिकी नौसैनिक और उसके साथी पर पिछले महीने ओकिनावा में एक अमेरिकी सैन्य अड्डे के शौचालय में स्थानीय महिला के साथ कथित रूप से दुष्कर्म करने सहित कई आपराधिक आरोप हैं। ओकिनावा प्रीफेक्चरल पुलिस ने सात अप्रैल को मामले को अभियोजकों के पास भेजा। संदिग्ध पर एक अन्य महिला को घायल करने का भी आरोप है। पीड़िता ओकिनावा की निवासी और बेस पर एक नागरिक कर्मचारी थी।

पुलिस का कहना है कि अमेरिकी पक्ष के सहयोग से जांच शुरू की गई है। इस बारे में आरोपित नौसैनिक से पूछताछ की गई है। पिछले साल जून से अब तक ओकिनावा में तीन अमेरिकी सेवा के सदस्यों पर यौन हिंसा के कई कथित मामलों में अभियोग दर्ज हो चुके हैं। ओकिनावा के गवर्नर डेनी तामाकी ने यौन उत्पीड़न की ताजा घटना पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि यह बहुत निंदनीय है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Tags