वक्फ संशोधन अधिनियम का उद्देश्य हाशिए पर मौजूद मुस्लिमों का सशक्तिकरण करना है : डॉ. जितेंद्र सिंह

01 May 2025 22:26:31
लोक शिकायत और पेंशन राज्यमंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह की पत्रकार वार्ता


रायपुर, 01 मई (हि.स.)। केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी (स्वतंत्र प्रभार), पृथ्वी विज्ञान तथा प्रधानमंत्री कार्यालय, परमाणु ऊर्जा विभाग, अंतरिक्ष विभाग, कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने गुरुवार को वक्फ संशोधन अधिनियम का समर्थन करते हुए कहा कि यह कानून न केवल मुस्लिम समाज के हित में है बल्कि समुदाय के भीतर हाशिए पर मौजूद तबकों के अधिकारों की रक्षा के लिए एक आवश्यक सुधार है। केंद्रीय मंत्री ने स्पष्ट किया कि जो भ्रामक प्रचार किया जा रहा है, उसके विपरीत यह अधिनियम मुस्लिम समाज के कल्याण के लिए लाया गया है। रायपुर में एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए डॉ. सिंह ने कहा कि नए प्रावधानों का उद्देश्य वक़्फ़ संपत्तियों के प्रबंधन में पारदर्शिता और न्यायसंगत व्यवस्था को बहाल करना है, जो लंबे समय से भ्रष्टाचार और दुरुपयोग का शिकार रही हैं।

प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में छत्तीसगढ़ प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि यह संशोधन उन लोगों हक दिलाने के लिए जिनका हक छीना गया। इसका नतीजा यह है कि आज भी 31 प्रतिशत मुस्लिम आबादी गरीबी रेखा के नीचे है। 80 फ़ीसदी वक्फ की प्रॉपर्टी पर कहीं ना कहीं भ्रष्टाचार का आरोप है, जबरन कब्जा करने का आरोप है। कुछ लोगों ने इसे अपनी संपत्ति बनाने का जरिया बना लिया बड़े-बड़े माल खड़े कर लिए गए।

डॉ जितेंद्र सिंह ने कहा कि जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पहली बार शपथ ली थी तब उन्होंने कहा था कि मेरी सरकार गरीबों को समर्पित सरकार है और जो लोग पिछली सरकारों में अपने अधिकारों से वंचित हुए हम उन्हें उनके अधिकार फिर दिलाने का काम करेंगे।मोदी जी ने कहा भारत माता की हर भुजा बलवान होनी चाहिए। यूपीए की सरकार ने वक्फ बोर्ड में अजीबो गरीब संशोधन किए जिसके तहत वक्फ जिसे चाहे अपनी जमीन घोषित कर देता था। वर्तमान अधिनियम में पारदर्शिता बढ़ाई गई है संवैधानिक चिंताओं को भी दूर करने का काम किया गया है।

डॉ जितेंद्र सिंह ने कहा लगभग 70 फ़ीसदी वक्फ की जमीन पर अवैध कब्जा के आरोप है। ऐसे आंकड़े सामने आ रहे हैं ।कांग्रेस सरकार द्वारा 2013 में लाया गया बदलाव लूट करने वालों को संरक्षण दे रहा था कोई ऐसा प्रदेश नहीं बचा जहां इस प्रकार के घोटाले नहीं हुए। छत्तीसगढ़ में भी फर्जी रजिस्ट्री की गई। बड़ी बात है इन सब घोटालो के होने के बावजूद गरीब को कोई फायदा नहीं उसकी पहुंच कहीं तक नहीं इसीलिए अभी का संशोधन उन गरीबों के हक की बात करता है।वक्फ की प्रॉपर्टी पर बड़े-बड़े मॉल फाइव स्टार होटल बने हुए हैं जो वक्फ बोर्ड को बनाने का उद्देश्य था वही पूरा नहीं होता नजर आ रहा था। मोदी जी की प्रेरणा से लाया गया यह अधिनियम इस्लाम के सर्वोच्च मूल्यों को भी सम्मान देने वाला है।

उन्होंने बताया कि तमिलनाडु, गुजरात, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ सहित कई राज्यों में वक़्फ़ संपत्तियों पर भ्रष्टाचार और अवैध अतिक्रमण की गंभीर शिकायतें सामने आई हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि कैसे इन संपत्तियों का दुरुपयोग कर शॉपिंग मॉल और लग्ज़री होटल बना दिए गए जबकि इनका उद्देश्य गरीबों के कल्याण के लिए था। डॉ. सिंह ने कहा कि विडंबना यह है कि भारत की 31फीसदी मुस्लिम आबादी आज भी गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन कर रही है, और उनके लिए आरक्षित धन का दुरुपयोग किया जा रहा है। यह अधिनियम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 'समावेशी विकास' के विज़न से प्रेरित है-जहां कोई भी समुदाय, क्षेत्र या वर्ग पीछे न छूटे।

अधिनियम में कलेक्टरों की भूमिका को लेकर उठ रही आपत्तियों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि राजस्व अधिकारी ही भूमि रिकॉर्ड की प्रमाणिकता की जांच करने के लिए सबसे उपयुक्त हैं। यह हिंदू या मुस्लिम का सवाल नहीं है, बल्कि प्रशासनिक ईमानदारी का मामला है। कलेक्टर की भूमिका के बिना भूमि दावों की सत्यता कैसे सुनिश्चित की जा सकती है?

डॉ. जितेंद्र सिंह ने इस संशोधन अधिनियम को न्याय और वास्तविक सशक्तिकरण की दिशा में एक कदम बताया और कहा, यह विधेयक न केवल संविधानिक मूल्यों के अनुरूप है, बल्कि इस्लाम के उस सच्चे उद्देश्य को भी सम्मान देता है जो ईमानदारी से की गई दानशीलता और ज़रूरतमंदों की सहायता की प्रेरणा देता है।

उन्होंने इसे संस्थागत भ्रष्टाचार को समाप्त करने और सुशासन की दिशा में एक राष्ट्रीय प्रयास का हिस्सा बताते हुए कहा कि सरकार अंतिम व्यक्ति के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है- अंत्योदय, जैसा कि प्रधानमंत्री ने परिकल्पित किया है।

प्रेस वार्ता में केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह के साथ प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, भाजपा के मुख्य प्रवक्ता विधायक व पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर, प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव, रामू रोहरा, वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी अमित चिमनानी सह प्रभारी अनुराग अग्रवाल मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा

Powered By Sangraha 9.0