दीव, 22 मई (हि.स.)। दीव में आयोजित पहले खेलो इंडिया बीच गेम्स 2025 में गुरुवार का दिन उत्साह, प्रतिस्पर्धा और नई उपलब्धियों से भरा रहा। महाराष्ट्र की दीक्षा यादव ने ओपन सी स्विमिंग में स्वर्ण पदकों की हैट्रिक लगाते हुए अपने अद्भुत कौशल का प्रदर्शन किया। वहीं पेंचक सिलाट जैसे पारंपरिक खेल में मणिपुर, नगालैंड और जम्मू-कश्मीर जैसे राज्यों ने अपने शानदार प्रदर्शन से सबका ध्यान खींचा।
दीक्षा यादव का गोल्डन डबल
19 वर्षीय दीक्षा ने गुरुवार को 5 किलोमीटर ओपन सी स्विमिंग में जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए 01 घंटा 10 मिनट 12 सेकेंड में रेस पूरी कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। बुधवार को उन्होंने 10 किलोमीटर रेस में भी पहला स्थान हासिल किया था। यह दीक्षा का इस प्रतियोगिता में दूसरा स्वर्ण पदक है। उनकी टीममेट पूर्वा गवड़े ने 13 सेकेंड के अंतर से रजत और कर्नाटक की आसरा आर. सुधीर ने कांस्य पदक जीता।
पेंचक सिलाट में उभरे पूर्वोत्तर के सितारे
इंडोनेशियाई मूल की पारंपरिक मार्शल आर्ट पेंचक सिलाट में कुल 46 स्वर्ण पदकों में से 28 पदक गुरुवार को दांव पर थे। मणिपुर और दादरा एवं नगर हवेली और दमन दीव ने चार-चार स्वर्ण पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। नगालैंड को भी दो स्वर्ण मिले। जबकि जम्मू-कश्मीर ने पहला स्वर्ण पदक हासिल किया, जब सज्जाद अहमद बेग ने सीनियर पुरुष 55-60 किग्रा श्रेणी में ओडिशा के खिलाड़ी को 9-0 से हराया।
सेपक टकरॉ में हरियाणा और केरल की धाक
हरियाणा की पुरुष टीम ने गोवा को 2-0 (15-4, 15-11) से हराकर डबल्स इवेंट का स्वर्ण जीता। केरल की महिला टीम ने ओडिशा को 2-0 (15-4, 15-9) से हराकर डबल्स इवेंट में जीत दर्ज की। दिल्ली, जिसने पहले त्रयी टीम इवेंट में स्वर्ण जीता था, को डबल्स में कांस्य से संतोष करना पड़ा।
अन्य प्रमुख परिणाम
बीच सॉकर: मध्य प्रदेश ने महिला वर्ग में आंध्र प्रदेश को 6-1 से हराया। पुरुष वर्ग में महाराष्ट्र ने गुजरात को 6-5 से मात दी।
बीच वॉलीबॉल: पुरुष और महिला वर्ग के क्वार्टर फाइनल में तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी ने दमदार प्रदर्शन किया।
पांच किलोमीटर ओपन सी स्विमिंग के पुरुष वर्ग मुकाबले में ध्रुपद रामकृष्ण (कर्नाटक) ने 1:06:46 मिनट का टाइम लेते हुए स्वर्ण पदक जीता। जबकि गुंडु विष्णु वर्धन (तेलंगाना) ने 1:06:58 समय के साथ रजत तथा हेमंत ए (तमिलनाडु) ने 1:07:41 मिनट का समय निकालते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया.
अरब सागर में संभावित चक्रवात की चेतावनी के कारण खेलों का समापन शुक्रवार को ही किया जाएगा। अंतिम दिन सेपक टकरॉ, कबड्डी, बीच वॉलीबॉल और सॉकर के कई रोमांचक फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय