
गंगटोक, 22 मई (हि.स.)। मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्रियों से निरंतर मुलाकात कर रहे हैं और उन्हें सिक्किम राज्य की स्थापना की 50वीं वर्षगांठ में शामिल होने का निमंत्रण दे रहे हैं। इसी क्रम में उन्होंने आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की।
इस बैठक के दौरान मुख्यमंत्री तमांग ने सिक्किम की जनता की ओर से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पूरे वर्ष मनाए जाने वाले स्मृति समारोहों में भाग लेने के लिए औपचारिक रूप से आमंत्रित किया। मुख्यमंत्री ने आज सोशल मीडिया पर जानकारी दी की कि केंद्रीय गृह मंत्री ने निमंत्रण स्वीकार कर लिया है।
मुख्यमंत्री ने ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के लिए केंद्रीय गृह मंत्री को हार्दिक बधाई दी। कहा कि आतंकवाद विरोधी अभियान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मजबूत नेतृत्व में आतंकवाद को खत्म करने के लिए राष्ट्र की मजबूत प्रतिबद्धता का प्रमाण है। इस मिशन की सफलता से हमारा राष्ट्रीय गौरव बढ़ा है तथा वैश्विक मोर्चे पर भारत की बढ़ती ताकत और संकल्प का प्रदर्शन हुआ है।
मुख्यमंत्री ने सिक्किम के लोगों के विकास और कल्याण के लिए केंद्रीय गृह मंत्री के समर्थन, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन के लिए उनका हार्दिक आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात की और उन्हें सिक्किम आने का निमंत्रण दिया। मुख्यमंत्री इससे पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से मुलाकात कर चुके हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / Bishal Gurung