खेलो इण्डिया यूथ गेम्स 2025: मप्र के खिलाड़ियों ने आज कुल 11 पदक किये अर्जित

07 May 2025 23:18:31
मलखंभ के पदक विजेता खिलाड़ी


गतका के पदक विजेता खिलाड़ी


जुड़ो में पदक विजेता खिलाड़ी


- मप्र पदक तालिका में प्रथम तीन में पहुंचा, खेल मंत्री ने पदक विजेता खिलाड़ियों को दी बधाई

भोपाल, 07 मई (हि.स.)। बिहार के पटना शहर में आयोजित खेलो इण्डिया यूथ गेम्स- 2025 में बुधवार को मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 11 पदक अर्जित किए। इनमें छह स्वर्ण, तीन रजत और तीन कांस्य शामिल है। प्रतियोगिता में अब तक मध्य प्रदेश के खिलाडियों ने आठ स्वर्ण, तीन रजत और तीन कांस्य सहित कुल 14 पदक अर्जित किये है। इसके साथ ही मध्य प्रदेश मेडल टैली में तीसरे स्थान पर आ गया है।

खेलो इण्डिया यूथ गेम्स- 2025 में बुधवार को मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों ने मलखम्भ में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए चार स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य पदक आपने नाम किया। खेलो इंडिया यूथ गेम्स- 2025 में मलखम्भ में कुल नौ स्वर्ण पदक दाँव पर हैं। अब तक सात स्वर्ण पदक के मुकाबले हुए, जिसमें मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों ने छह स्वर्ण पदक अर्जित किये हैं। अभी दो स्वर्ण पदक के मुकाबले होना शेष हैं।

बुधवार को खेले गए मुकाबले में मध्य प्रदेश के देवेन्द्र पाटीदार ने अपना सर्वोत्तम प्रदर्शन देते हुए, आल राउंड व्यक्तिगत बालक वर्ग में स्वर्ण, पोल मलखम्भ व्यक्तिगत बालक वर्ग में स्वर्ण, हैंगिंग मलखम्ब व्यक्तिगत बालक वर्ग में स्वर्ण और रोप मलखम्ब व्यक्तिगत बालक वर्ग में रजत पदक सहित कुल तीन स्वर्ण और एक रजत पदक अपने नाम किया।

ऑल राउंड व्यक्तिगत बालक वर्ग में मध्य प्रदेश के यतिन कोरी ने रजत पदक आपने नाम किया। मलखम्भ में ही ऑल राउंड व्यक्तिगत बालिका वर्ग में मध्य प्रदेश की सिद्धि गुप्ता ने अपना सर्वोत्तम प्रदर्शन देते हुए स्वर्ण पदक जीता। मलखम्भ के पोल मलखम्भ व्यक्तिगत बालक वर्ग मुकाबले में मध्य प्रदेश के यतिन कोरी ने कांस्य पदक जीता।

शूटिंग के परिणाम

शूटिंग के मुकाबलों में शॉटगन ट्रैप व्यक्तिगत बालक वर्ग प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश के सैयद आयन अली ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक आपने नाम किया। वही मध्य प्रदेश की पूनम रघुवंशी ने शॉटगन ट्रैप व्यक्तिगत बालिका वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अर्जित किया। शॉटगन ट्रैप व्यक्तिगत प्रतियोगिता बालिका वर्ग में मध्य प्रदेश की पूनम रघुवंशी ने शानदार प्रदर्शन दिखाते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

गतका में फरी सोट्टी टीम प्रतियोगिता बालिका वर्ग में मध्य प्रदेश की मनप्रीत कौर, माहि पटेल और वैष्णवी शर्मा की टीम ने कड़े मुकाबले के बाद कांस्य पदक अपने नाम किया। वहीं, जुडो में 52 किग्रा व्यक्तिगत बालिका वर्ग में मध्य प्रदेश की नैंसी कुंडू ने रजत पदक अपने नाम किया।

खेल मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने प्रदेश के खिलाड़ियों की सराहना करते हुए बताया कि मलखम्भ और शूटिंग खिलाड़ियों का यह अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है। खिलाड़ियों ने कड़ी मेहनत कर मध्य प्रदेश को सम्मान दिलाया है। उन्होंने पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई और आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी हैं। खेल संचालक राकेश गुप्ता ने भी पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी है। उन्होंने मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों ने आज चौथे दिन ही स्वर्ण पदक के पिछले साल के प्रदर्शन को पीछे छोड़ दिया है। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन से नयी आशा जगी है। हमारे खिलाड़ियों ने एक बार फिर मलखम्भ में अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की है। शॉटगन शूटिंग खिलाड़ियों ने भी प्रदेश का मान बढ़ाया है।

उल्लेखनीय है कि खेलो इण्डिया यूथ गेम्स- 2025 का अयोजन 4 से 15 मई 2025 तक पटना (बिहार) में आयोजित किया जा रहा है, इसमें 18 खेलों में मध्य प्रदेश के 176 खिलाड़ी और 53 सपोर्ट स्टॉफ सहित कुल 229 सदस्यीय दल सहभागिता कर रहा है। प्रतियोगिता बिहार में पटना, राजगीर, भागलपुर,नई दिल्ली और गया में आयोजित हो रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Powered By Sangraha 9.0