विमान दुर्घटना: 259 मृतकों की हुई पहचान, 256 पार्थिव शरीर परिजनों को सौंपे गए

23 Jun 2025 22:56:31
सिविल अस्पताल के अधीक्षक डॉ. राकेश जोशी


अहमदाबाद, 23 जून (हि.स.)। विमान दुर्घटना में अब तक डीएनए परीक्षण से 253 और चेहरे से 6, सहित कुल 259 मृतकों की पहचान हो चुकी है। इनमें से 256 पार्थिव शरीर परिजनों को सौंपे जा चुके हैं। यह जानकारी सिविल अस्पताल के सुप्रींटेंडेंट डॉ. राकेश जोशी ने सोमवार को दी।

डॉ. राकेश जोशी ने बताया कि पहचाने गए 259 मृतकों में 180 भारतीय नागरिक, 7 पुर्तगाल के, 52 ब्रिटिश नागरिक, 1 कनाडाई और 19 गैर-यात्री शामिल हैं।

पहचाने गए 259 मृतकों में से 256 मृत शरीर परिजनों को सौंपे जा चुके हैं और 3 ब्रिटिश नागरिकों के पार्थिव शरीर नियत फ्लाइट के माध्यम से जल्द ही भेजे जाएंगे। इन 256 शवों में से 28 को हवाई मार्ग से और 228 को सड़क मार्ग से भेजा गया है।

उन्होंने आगे बताया कि डीएनए सैंपल से 253 मृतकों की पहचान हुई है, जिनमें 240 यात्री और 13 गैर-यात्री शामिल हैं। कुल 19 गैर-यात्रियों के शव सौंपे गए, जिनमें से 13 की पहचान डीएनए रिपोर्ट से और 6 की पहचान चेहरे से की गई है।

डॉ. राकेश जोशी ने सौंपे गए पार्थिव शरीरों की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि

उदयपुर 7, वडोदरा 24, खेड़ा 11, अहमदाबाद 73, मेहसाणा 7, बोटाद 1, जोधपुर 1, अरावली 2, आनंद 29, भरूच 7, सूरत 12, पालनपुर 1, गांधीनगर 7, महाराष्ट्र 13, दीव 14, जूनागढ़ 1, अमरेली 2, गिर सोमनाथ 5, महिसागर 1, भावनगर 3, लंदन 10, पटना 1, राजकोट 3, राजस्थान 2, नडियाद 1, बनासकांठा 2, जामनगर 2, पाटन 4, द्वारका 2, साबरकांठा 1, नागालैंड 1, मोडासा 1, खंभात 2, मणिपुर 1, केरल 1 और मध्य प्रदेश 1 यानी कुल 256 पार्थिव शरीर परिजनों को सौंपे गए।

उन्होंने यह भी बताया कि डीएनए सैंपल मिलान की प्रक्रिया में कुछ मामलों में एक से अधिक बार सैंपल लिए गए थे, इसलिए लिए गए कुल डीएनए सैंपलों की संख्या पहचाने गए मृतकों की संख्या से अधिक होना स्वाभाविक है।

हिन्दुस्थान समाचार / Abhishek Barad

Powered By Sangraha 9.0