ताइवान एथलेटिक्स ओपन में भारतीय खिलाड़ियों की दमदार शुरुआत, जीते चार स्वर्ण

07 Jun 2025 17:34:31
ज्योति याराजी ने महिलाओं की 100 मीटर बाधा दौड़ जीती


नई दिल्ली, 7 जून (हि.स.)। ताइवान एथलेटिक्स ओपन 2025 की शुरुआत भारतीय एथलीटों के शानदार प्रदर्शन के साथ हुई। पहले ही दिन भारत ने चार स्वर्ण पदक अपने नाम किए। महिलाओं की 1500 मीटर दौड़ में पूनम ने भारत के लिए खाता खोला और 4:11.65 का समय लेकर स्वर्ण पदक जीता। पिछले महीने उन्होंने दक्षिण कोरिया के गुमी में आयोजित एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में इसी स्पर्धा में 4:10.83 के समय के साथ रजत पदक हासिल किया था, जबकि 800 मीटर दौड़ में कांस्य पदक भी जीता था।

भारत को दूसरी सफलता पुरुषों की ट्रिपल जंप स्पर्धा में अब्दुल्ला अबूबकर ने दिलाई। उन्होंने तीसरी कोशिश में 16.21 मीटर की छलांग लगाकर पहला स्थान हासिल किया और स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। इसके बाद भारत ने स्प्रिंट हर्डल्स की दोनों स्पर्धाओं में भी स्वर्ण पदक जीते। ज्योति याराजी ने महिलाओं की 100 मीटर बाधा दौड़ में 12.99 सेकंड के समय के साथ जीत दर्ज की। अंतिम बाधा तक वह दूसरे स्थान पर थीं, लेकिन आखिरी क्षणों में दमदार फिनिश के दम पर उन्होंने बाज़ी पलट दी।

तेजस शिर्से ने पुरुषों की 110 मीटर बाधा दौड़ में 13.52 सेकंड का सीज़न बेस्ट समय दर्ज करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

भारतीय पुरुष और महिला 4x100 मीटर रिले टीमें दिन में बाद में मैदान पर उतरेंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0