- राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री समेत कई गणमान्य व्यक्तियों ने दी शुभकामनाएं
मुंबई, 22 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को अपना जन्मदिन गढ़चिरौली जिले के लिए समर्पित विकास कार्यों को अर्पित करते हुए मनाया। उन्होंने वहां विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और भूमिपूजन किया तथा पौधरोपण अभियान की भी शुरुआत की। इस दौरान, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने उन्हें फोन कर शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री फडणवीस को शुभकामनाएं देने वालों में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह, विभिन्न राज्यों के राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री, वरिष्ठ नेता शरद पवार, पूर्व राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल, विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर, विधानपरिषद सभापति प्रो. राम शिंदे, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री अजित पवार, प्रफुल्ल पटेल, सुनील तटकरे समेत अनेक अन्य मान्यवर शामिल थे।
मुुख्यमंत्री फडणवीस ने अपने जन्मदिवस पर गढ़चिरौली जिले में 4.5 एमटीपीए क्षमता वाले स्टील प्लांट के भूमिपूजन समारोह में भाग लिया। यह विदर्भ क्षेत्र का पहला ऐसा प्रोजेक्ट है, जिसमें 24,000 करोड़ रुपये का निवेश और 10,000 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है। उन्होंने हेडरी से कोनसरी तक बनी महाराष्ट्र की पहली और सबसे तेज़ पूरी हुई स्लरी पाइपलाइन का उद्घाटन किया, जिससे 55फीसदी तक कार्बन उत्सर्जन में कमी आएगी।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने हेडरी में आयरन ओर और ग्राइंडिंग यूनिट, कोनसरी में पैलेट प्लांट का उद्घाटन किया। यह भारत का अपनी तरह का सबसे बड़ा प्रोजेक्ट है, जो स्थायी इस्पात उत्पादन की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। कोनसरी में 100 बेड के अस्पताल, आधुनिक सीबीएसई स्कूल और सोनमपल्ली में लॉयड्स टाउनशिप का भूमिपूजन भी उन्होंने किया। दोपहर में उन्होंने ‘हरित महाराष्ट्र-समृद्ध महाराष्ट्र’ अभियान में भाग लिया। नए वर्ष का पहला दिन भी मुख्यमंत्री ने गढ़चिरौली में जवानों के साथ मनाया था। ऐसे में जन्मदिन पर यह विकासकार्य ‘गडचिरोली विकास का तिलक’ साबित हुआ।
राज्यभर में मुख्यमंत्री सहायता निधि के माध्यम से कई स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया, जिनमें रक्तदान, स्वास्थ्य जांच, आयुष्मान कार्ड वितरण, अंगदान जागरूकता, कृत्रिम अंग वितरण जैसे उपक्रम शामिल थे। कई गणमान्य व्यक्तियों और स्वयंसेवी संस्थाओं ने मुख्यमंत्री सहायता निधि में योगदान भी दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव