
नई दिल्ली, 15 सितंबर (हि.स.)। भारतीय मजदूर संघ ने केन्द्र सरकार से विश्वकर्मा जयंती को राष्ट्रीय श्रम दिवस घोषित करने की मांग की है। सोमवार को आयोजित प्रेसवार्ता में भारतीय मजदूर संघ ने कहा कि हर साल 17 सितम्बर को भगवान विश्वकर्मा जयंती के रूप में मनाया जाता है तो कोई इसे राष्ट्रीय श्रम दिवस के रूप में भी मनाता है। इस संबंध में संघ द्वारा 17 सितम्बर को विश्वकर्मा दिवस पर जंतर मंतर तक पैदल मार्च निकाला जाएगा।
सोमवार को भारतीय मजदूर संघ दिल्ली प्रदेश की अध्यक्ष इंदु जामवाल ने विज्ञप्ति जारी कर बताया कि यूनियन के सभी सदस्य औऱ पदाधिकारी (संगठित एवं असंगठित क्षेत्र) अतुल ग्रोव रोड पर सुबह 10 बजे एकत्रित होकर भगवान विश्वकर्मा दिवस मनाने के लिए जंतर मंतर तक पैदल प्रस्थान करेंगे। औऱ सरकार से भगवान विश्वकर्मा जयंती को राष्ट्रीय श्रम दिवस घोषित करने का आग्रह करेंगे।
भारतीय मजदूर संघ दिल्ली प्रदेश महामंत्री डॉ दीपेंद्र चाहर ने बताया कि इस अवसर पर संघ भारत सरकार एवं दिल्ली सरकार से मांग करेगी की जिस प्रकार हरियाणा सरकार द्वारा सेवा सुनिश्चितता विधेयक हरियाणा राज्य में लागू किया गया उसी प्रकार भारत एवं दिल्ली सरकार भी नगर निगम, नई दिल्ली नगर पालिका परिषद, दिल्ली छावनी एवं दिल्ली के सभी उद्योगों एवं संस्थानों में भी सेवा सुनिश्चितता विधेयक लागू किया जाए। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को भारतीय मजदूर संघ संबंधित संगठन जंतर मंतर पर अपने अपने संगठनों की समस्याओं को अवगत कराएंगे एवं मांग पत्र भारतीय मजदूर संघ को देंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी