
मुंबई, 18 सितंबर (हि.स)। आनंद राठी शेयर एंड स्टॉक ब्रोकर लिमिटेड का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) 23 सितंबर को खुलेगा। निवेशक इसमें निवेश के लिए 25 सितंबर तक बोली लगा सकते हैं। इसके लिए मूल्य का दायरा (प्राइस बैंड) 393–414 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है।
कंपनी ने गुरुवार को जारी एक बयान में बताया कि उसका आईपीओ 23 सितंबर, को अभिदान के लिए खुलकर 25 सितंबर, 2025 को बंद होगा।आनंद राठी शेयर एंड स्टॉक ब्रोकर लिमिटेड ने 5 अंकित मूल्य वाले इश्यू के लिए मूल्य का दायरा 393–414 रुपये प्रति शेयर तय किया है। ब्रोकिंग फर्म आनंद राठी शेयर एंड स्टॉक ब्रोकर लिमिटेड का आईपीओ पूरी तरह 745 करोड़ रुपये के शेयरों का ताजा निर्गम है। इसमें बिक्री पेशकश (ओएफएस) शामिल नहीं है।
कंपनी के मुताबिक निवेशक इसमें न्यूनतम 36 इक्विटी शेयरों और उसके बाद 36 इक्विटी शेयरों के गुणकों में बोली लगा सकते हैं। कंपनी नए इश्यू से प्राप्त 5,500.00 मिलियन रुपये का उपयोग अपनी कार्यशील पूंजी आवश्यकताओं के वित्तपोषण के लिए करेगी। शेष अन्य राशि का इस्तेमाल कंपनी की दीर्घकालिक कार्यशील पूंजी आवश्यकताओं और सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर