ऐश्वर्या पिस्से बनीं एशिया और भारत की पहली महिला राइडर, W2RC पुर्तगाल में रेस करने का गौरव

23 Sep 2025 21:33:32
भारतीय बाइक राइडर ऐश्वर्या पिस्से


भारतीय बाइक राइडर ऐश्वर्या पिस्से


पुर्तगाल, 23 सितम्बर (हि.स.)। भारतीय मोटरस्पोर्ट्स इतिहास में नया कीर्तिमान बनाते हुए ऐश्वर्या पिस्से एशिया और भारत की पहली महिला बन गई हैं, जिन्होंने दोपहिया श्रेणी में एफआईएम वर्ल्ड रैली-रेड चैम्पियनशिप (W2RC) में भाग लिया। वे 22 से 28 सितम्बर तक होने वाले बीपी अल्टीमेट रैली-रेड पुर्तगाल 2025 (राउंड-4) में रैली-2, विमेंस क्लास में रेस कर रही हैं।

ऐश्वर्या एक प्राइवेटियर के रूप में उतरी हैं, लेकिन उन्हें टीवीएस रेसिंग समेत कई संस्थानों का मजबूत सहयोग प्राप्त है। उन्होंने कहा, “भारत और एशिया का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए गर्व की बात है। यह सफर हर उस लड़की के लिए प्रेरणा है जो डकार का सपना देखती है।”

इस प्रतियोगिता की कुल दूरी 2,000 किमी है, जिसमें 1,225 किमी के प्रतियोगी चरण (Selective Sections) शामिल हैं। पूरी रैली में 5 स्टेज और एक प्रोलॉग होगा, जो पुर्तगाल के अलेंटेजो और रिबाटेजो तथा स्पेन के एक्सट्रीमादुरा क्षेत्र की 100 प्रतिशत ग्रेवल/डर्ट पटरियों पर आयोजित किया जाएगा।

यह अभियान ऐश्वर्या की डकार 2027 की तैयारी का हिस्सा है। उनका लक्ष्य है डकार रैली में हिस्सा लेने और उसे पूरा करने वाली पहली भारतीय व एशियाई महिला बनना।

उल्लेखनीय है कि ऐश्वर्या पिस्से 3 बार की एफआईएम बाजा विश्व चैंपियन और 11 बार की भारतीय नेशनल चैंपियन हैं। वे भारतीय मोटरस्पोर्ट्स इतिहास की सबसे सफल महिला खिलाड़ी मानी जाती हैं।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0