लखनऊ, 24 सितम्बर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विनय कटियार ने एक विवादित बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि अयोध्या में मुसलमानों का क्या काम है? मुसलमान अयोध्या छोड़कर चले जाएं।
धन्नीपुर मस्जिद का नक्शा खारिज होने के बाद विनय कटियार ने बुधवार को लखनऊ में कहा कि अयोध्या नगरी के अंदर मस्जिद का कोई मतलब नहीं है, धन्नीपुर में कुछ भी बनने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि अयोध्या जनपद के अंदर मुस्लिम समाज के लोग रह क्यों रहे हैं? वो सरयू पार गोंडा या फिर बस्ती चले जाएं। अयोध्या में राम का मंदिर है।
उच्चतम न्यायालय के आदेश के बाद अयोध्या के धन्नीपुर गांव में मस्जिद बनाने के लिए पांच एकड़ जमीन दी गई थी। इंडो-इस्लामिक कल्चरल फाउंडेशन इस मस्जिद के निर्माण की जिम्मेदारी संभाल रहा है। हाल ही में मस्जिद के नक्शे को लेकर प्रशासनिक स्तर पर अड़चनें सामने आई और उसका नक्शा खारिज कर दिया गया है।
मस्जिद की कोई जरूरत नहीं- इकबाल अंसारी
इस मामले पर बाबरी मस्जिद के पक्षकार रहे इकबाल अंसारी ने कहा कि जिससे इंसानों का फायदा हो वही काम होना चाहिए। हम चाहते हैं उस जमीन पर खेती होनी चाहिए। उस अनाज को मुस्लिमों में बांटे। वहां मस्जिद की कोई जरूरत नहीं है। हिन्दुस्तान का मुसलमान इसकी मांग नहीं करता। धन्नीपुर में पहले से कई मस्जिदें हैं। मस्जिद के नाम पर चंदा वसूलना गलत है।
-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन