महाराष्ट्र के कई जिलों में आगामी दो दिनों तक भारी बारिश की संभावना

25 Sep 2025 22:20:31

मुंबई, 25 सितंबर (हि.स.)। भारतीय मौसम विभाग ने गुरुवार को महाराष्ट्र के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है। इस के मद्देनजर राज्य के आपदा प्रबंधन विभाग ने प्रशासन को सतर्क रहने और नागरिकों को आवश्यक काम होने पर ही घर से निकलने की सलाह दी है। मुंबई सहित तटीय इलाकों में मछुआरों को समुद्र में जाने की सलाह भी दी।

भारतीय मौसम विभार ने गुरुवार को बताया कि 26 तारीख को, दक्षिण विदर्भ और आसपास और मराठवाड़ा के कई इलाकों में बारिश बढ़ सकती है। इनमें गढ़चिरौली, चंद्रपुर, यवतमाल और नांदेड़ जिले शामिल हैं। 26 तारीख की तुलना में 27 और 28 तारीख को राज्य में बारिश की मात्रा और क्षेत्र में वृद्धि होने की उम्मीद है। 27 तारीख को दक्षिण मराठवाड़ा में मध्यम से भारी वर्षा होने की संभावना है। इसमें नांदेड़, लातूर, धाराशिव, बीड, परभणी और हिंगोली जिले शामिल हैं। मराठवाड़ा के बाकी हिस्सों में भी बारिश बढ़ सकती है, जिससे इन इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की उम्मीद है। इसके साथ ही दक्षिण विदर्भ में यवतमाल जिले के कुछ हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है, जबकि विदर्भ के बाकी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की उम्मीद है। मध्य महाराष्ट्र के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मराठवाड़ा से सटे मध्य महाराष्ट्र के जिलों सोलापुर में मध्यम बारिश के संकेत हैं। खानदेश में इस दिन मुख्य रूप से हल्की बारिश हो सकती है।

इस दिन अहिल्यानगर, पुणे, सातारा, सांगली, सोलापुर, रत्नागिरी और रायगढ़ जिलों में मध्यम से भारी वर्षा होने की संभावना है। इसके साथ ही मुंबई महानगर क्षेत्र (मुंबई शहर, ठाणे और पालघर जिले) में भी बारिश होने की संभावना है, कुछ इलाकों में मध्यम से भारी वर्षा होने की संभावना है। पश्चिमी विदर्भ, पश्चिमी मराठवाड़ा और खानदेश में हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है, जबकि शेष विदर्भ में मुख्यत: हल्की वर्षा होने की संभावना है।

दक्षिण मराठवाड़ा, कोंकण और पश्चिमी महाराष्ट्र के घाट क्षेत्रों में बांधों में पानी बढऩे और नदियों और नालों में बाढ़ आने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है। राज्य आपदा प्रबंधन विभाग ने नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

Powered By Sangraha 9.0