रांची, 26 सितंबर (हि.स.)।
विश्व हिंदू परिषद, झारखंड के प्रांतीय प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार के नेतृत्व में राज्यपाल संतोष गंगवार से मिलकर शुक्रवार को एक ज्ञापन सौपान सौंपा। ज्ञापन में
झारखंड के हिंदू देवी, देवताओं के मंदिरों को सरकारी नियंत्रण से मुक्त करने की मांग की गई।
साथ ही प्रतिनिधि मंडल ने राज्यपाल से आग्रह किया कि झारखंड हिंदू धार्मिक न्यास को समाप्त किया जाए, जिससे हिंदू देवी देवताओं के मंदिरों को सरकारी नियंत्रण से मुक्त कराया जा सके। हिंदू धर्म के अतिरिक्त अन्य धर्म अपनी संस्थाएं स्थापित करने एवं चलाने के लिए स्वतंत्र हैं फिर हिंदू धर्म के साथ यह भेदभाव क्यों। झारखंड के हिंदू ट्रस्ट अधिनियम की धारा 70 के अनुसार सभी हिंदू मंदिरों को अपने आय का एक हिस्सा राज्य सरकार को देना अनिवार्य है जो हिंदुओं पर जजिया कर लगाने जैसा है।
हिंदू मठ मंदिरों के संचालन के लिए राजनीति से परे हिंदू धार्मिक व्यक्ति ही नियुक्त हों, जिससे मंदिरों की व्यवस्था सुचारू रूप से चल सके।
प्रतिनिधि मंडल में विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार, क्षेत्र धर्माचार्य संपर्क प्रमुख वीरेंद्र विमल, प्रांत अध्यक्ष चंद्रकांत रायपत, उपाध्यक्षा रेखा जैन, प्रांत संगठन मंत्री देवी सिंह एवं प्रांत मंत्री मिथिलेश्वर मिश्र शामिल थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे