नई दिल्ली, 26 सितंबर (हि.स.)। तालकटोरा इंडोर स्टेडियम में 8वां पूर्वोत्तर छात्र उत्सव–नेस्ट फेस्ट 2025 3 और 4 अक्टूबर को आयोजित होगा। माय होम इंडिया द्वारा आयोजित इस दो दिवसीय उत्सव का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता को मजबूत करना है। इस उत्सव में 25,000 से अधिक छात्रों और प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है। इस साल की थीम “संस्कृति से जलवायु तक: युवा जनादेश” है जो युवाओं को संस्कृति, सशक्तिकरण और पर्यावरणीय चर्चाओं के केंद्र में रखेगी। इसमें उद्यमिता, स्थिरता और वर्षा जल संचयन जैसे विषयों पर सत्र होंगे, जबकि सबसे बड़ा आकर्षण भव्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और लाइव संगीत होगा।
इस आयोजन में पूर्वोत्तर के सभी आठ राज्यों के साथ-साथ छत्तीसगढ़, ओडिशा और अन्य राज्यों के सांस्कृतिक प्रदर्शन प्रस्तुत किए जाएंगे। लोक नृत्य, संगीत और रंग-बिरंगी कला शैलियों के माध्यम से भारत की समृद्ध विविधता और सांस्कृतिक गौरव का परिचय कराया जाएगा।
इस आयोजन के बारे में माय होम इंडिया के संस्थापक सुनील देवधर ने शुक्रवार को मीडिया को बताया कि नेस्ट फेस्ट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा परिकल्पित ‘जनजातीय गौरव वर्ष’ को समर्पित एक गर्वपूर्ण श्रद्धांजलि है। हमारी सांस्कृतिक विरासत हमारी एकता की सबसे बड़ी ताकत है। इस फेस्टिवल का एक प्रमुख आकर्षण होगा ‘अरुणोदय’, जो पूर्वोत्तर राज्यों और देशभर के जनजातीय क्षेत्रों में सतत विकास पर केंद्रित एक फ्लैगशिप तकनीकी सत्र है। यह मंच छात्रों द्वारा प्रस्तुत विचारों और नवाचारों को प्रदर्शित करेगा और साबित करेगा कि परंपरा और आधुनिक सोच मिलकर आज की चुनौतियों का समाधान कर सकती हैं।
उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक प्रदर्शनों, लाइव संगीत, प्रेरक चर्चाओं और युवा-नेतृत्व वाली पहलों के साथ, नेस्ट फेस्ट 2025 केवल एक उत्सव ही नहीं बल्कि उद्देश्य और जश्न का संगम होगा। इस दो दिवसीय कार्यक्रम में गायक ज़ुबीन गर्ग की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा होगी। इस कार्यक्रम में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, डोनियर के केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. सुकांत मजूमदार, विदेश मंत्रालय और कपड़ा मंत्रालय के केंद्रीय राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा, सड़क, परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय एवं कॉर्पोरेट कार्य मंत्रालय के केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, छत्तीसगढ़ के वन मंत्री केदार कश्यप, दिल्ली के कैबिनेट मंत्री मंजिंदर सिंह सिरसा और कपिल मिश्रा शामिल होंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी