प्रधानमंत्री सोमवार को दिल्ली भाजपा के नए कार्यालय का उद्घाटन करेंगे

28 Sep 2025 16:07:33
दिल्ली भाजपा के नए कार्यालय के उद्घाटन समारोह का निमंत्रण पत्र


नई दिल्ली, 28 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नए कार्यालय का सोमवार को उद्घाटन करेंगे। इस मौके पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, दिल्ली भाजपा के वरिष्ठ नेता, केंद्रीय मंत्री, राष्ट्रीय पदाधिकारी एवं दिल्ली के सांसद, विधायक, पार्षद और हजारों पार्टी कार्यकर्त्ता मौजूद रहेंगे। यह जानकारी दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने रविवार को संवाददाता सम्मेलन में दी।

वीरेन्द्र सचदेवा ने दिल्ली भाजपा के कार्यकर्ताओं को कार्यालय निर्माण पूर्ण होने पर बधाई दी और कहा की 9 जून 2023 को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने इस कार्यालय का भूमि पूजन किया था।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जब हमारे कार्यालय का उद्घाटन करेंगे वह पल एक ऐतिहासिक पल होगा। उन्होंने बताया कि भाजपा की स्थापना के बाद पहला कार्यालय अजमेरी गेट में खुला और कुछ समय रकाबगंज रोड़ पर रहने के बाद कार्यालय लगभग 35 वर्ष से 14 पंडित पंत मार्ग से चला और कल दीनदयाल उपाध्याय मार्ग पर पार्टी के अपने भवन में पहुंचा है। यह सफर काफी संघर्ष पूर्ण लेकिन शानदार रहा।

वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, भाजपा का हर कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृहमंत्री एवं पूर्व भाजपा अध्यक्ष अमित शाह एवं भाजपा के वर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के आभारी हैं। उनके संगठन को सशक्त करने की दूरदर्शी योजना के अंतर्गत देश के हर राज्य की राजधानी एवं जिले में पार्टी के निजी कार्यालय के निर्माण का लक्ष्य तय हुआ। उन्होंने बताया कि आज हमारे सभी 14 संगठनात्मक जिलों के पास अपने निजी संगठन कार्यालय हैं।

वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा, हमने अपने नेतृत्व के मार्गदर्शन में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के आशीर्वाद से और कार्यकर्ताओं की इच्छा शक्ति एवं उत्साह के बल पर आज चुनौतीपूर्ण संघर्ष के बाद कार्यालय का निर्माण पूरा किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Powered By Sangraha 9.0