लखनऊ, 28 सितम्बर (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय प्रचारक प्रमुख स्वान्त रंजन ने कहा कि वरिष्ठ प्रचारक स्व.मधुभाई कुलकर्णी ने संघ कार्य को आगे बढ़ाने में अपना जीवन होम किया। उनका गंभीर व्यक्तित्व था। वह बोलते कम थे, अपने आचरण से कार्यकर्ताओं को प्रेरणा देते थे। उनके कुशल मार्गदर्शन में नये—नये कार्यकर्ता विकसित होते गए। स्वान्त रंजन रविवार को शोध संस्थान सरस्वती कुंज निरालानगर में आयोजित श्रद्धांजलि सभा को संबोधित कर रहे थे।
अखिल भारतीय प्रचारक प्रमुख रंजन ने कहा कि डा. हेडगेवार ने एक अनोखा संगठन खड़ा किया। संगठन के माध्यम से उन्होंने अनमोल हीरे संगठित किये। संघ के तृतीय सरसंघचालक बाला साहब देवरस ने कहा था कि 'संघ कार्य आगे अवश्य बढ़ेगा क्योंकि हमें देव दुर्लभ कार्यकर्ताओं की टीम मिली है। बिना नाम व यश की चाह के नि:स्वार्थ भाव से संघ कार्य के लिए अपना जीवन होम करने वाले कार्यकर्ताओं की मालिका में मधुभाई भी थे। उन्होंने बताया कि मधुभाई गुजरात में प्रान्त प्रचारक और पश्चिम क्षेत्र के क्षेत्र प्रचारक रहे। वे अखिल भारतीय बौद्धिक प्रमुख और अखिल भारतीय कार्यकारिणी के सदस्य भी रहे। बाद में लखनऊ भी उनका केन्द्र रहा। संघ कार्यकर्ता जहां जाता है, उसके अनुकूल अपने को ढ़ालता है। लखनऊ में रहने के दौरान यहां के कार्यकर्ताओं से उनका आत्मीय लगाव हो गया था।
सह प्रान्त संघचालक सुनीत खरे ने कहा कि लखनऊ केन्द्र होने पर मधुभाई से हमारा संपर्क हुआ। उनका जीवन सादगीपूर्ण था। वरिष्ठ प्रचारक अशोक केड़िया ने कहा कि मधुभाई कुलकर्णी ने संघ को जिया और संघ को अगली पीढ़ी तक पहुंचाया। वर्तमान नेतृत्व प्रधानमंत्री के रूप में जो हम देख रहे हैं उनका विकास इनके समय में ही हुआ। वह व्यक्ति को परख लेते थे कि किससे क्या काम लेना है। जिसकी जिस कार्य में रूचि होती थी, उस कार्यकर्ता को उस काम में लगाते थे।
अशोक खेमका ने कहा कि मधुभाई की मां गंगा के प्रति विशेष आस्था थी। वह कहते थे कि अगर हमें संघ कार्य को बढ़ाना है तो मां गंगा के लिए काम करना होगा। मां गंगा से बहुत बड़ा समाज जुड़ा है। उनके ही प्रयत्न से गंगा समग्र संगठन बना।
इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र प्रचारक अनिल, प्रान्त प्रचारक कौशल, क्षेत्र प्रचारक प्रमुख राजेन्द्र सिंह, क्षेत्र प्रचार प्रमुख सुभाष, सह प्रान्त कार्यवाह संजय, सामाजिक समरसता गतिविधि के प्रान्त प्रमुख राजकिशोर, प्रान्त प्रचार प्रमुख डा.अशोक दुबे, विशेष सम्पर्क प्रमुख प्रशान्त भाटिया, विश्व संवाद केन्द्र के प्रमुख डा. उमेश और विभाग प्रचारक अनिल आदि ने मधुभाई को श्रद्धासुमन अर्पित किया।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन