विकसित यूपी 2047 के लिए जनता से अब तक मिले 14 लाख फीडबैक, अभियान की तिथि बढ़ी

29 Sep 2025 18:05:31
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ


- जनता की राय से तैयार होगा 'विकसित उत्तर प्रदेश 2047' का विज़न दस्तावेज़

लखनऊ, 29 सितंबर (हि.स.)। योगी सरकार 'समर्थ उत्तर प्रदेश-विकसित उत्तर प्रदेश 2047' अभियान के तहत जनता की राय जानने के लिए फीडबैक ले रही है। अब तक करीब 14 लाख सुझाव मिल चुके हैं। इनमें से ग्रामीण क्षेत्रों से लगभग 11 लाख और शहरी क्षेत्रों से 3 लाख सुझाव आ चुके हैं। इसी बीच सरकार ने इस अभियान की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर 2025 तक बढ़ा दी गई है।

सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर 'समर्थ उत्तर प्रदेश-विकसित उत्तर प्रदेश 2047' अभियान चला रही है, ताकि अधिक से अधिक लोग इस पहल से जुड़कर प्रदेश के विकास की दिशा में अपनी राय और सुझाव दे सकें। इस अभियान के तहत अब तक करीब 14 लाख सुझाव मिल चुके हैं। इनमें से लगभग 11 लाख सुझाव ग्रामीण क्षेत्रों से और 3 लाख सुझाव शहरी क्षेत्रों से आए हैं। यह आंकड़ें प्रदेश की जनता की इस अभियान में सक्रिय भागीदारी का प्रमाण है।

उन्हाेंने बताया कि सुझाव देने वालों में सबसे ज्यादा हिस्सा युवाओं का है। अब तक 6 लाख से अधिक सुझाव 31 वर्ष से कम आयु वर्ग से मिले हैं। इसके अलावा करीब 7 लाख सुझाव 31-60 वर्ष के आयु वर्ग से और लगभग 1 लाख सुझाव वरिष्ठ नागरिकों (60 वर्ष से अधिक आयु) से आए हैं।उन्हाेंने बताया कि जनता की सक्रियता काे देखते हुए राज्य सरकार ने इस अभियान की अवधि बढ़ा दी है। अब जनता 30 अक्टूबर तक अपनेसुझाव दे सकते हैं।

मुख्यमंत्री ने किया ग्राम प्रधानों से संवादअभियान में आमजन की भागीदारी और बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री के निर्देश पर ग्राम प्रधानों के साथ संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किये गए हैं। ग्राम प्रधानों ने ग्रामीणों को इस अभियान से जुड़ने और अपने सुझाव पोर्टल पर दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया। सरकार का कहना है कि यह निर्णय उसकी जनप्रतिबद्धता और सहभागी शासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। लोगों की राय और सुझावों के आधार पर 'विकसित उत्तर प्रदेश 2047' का विज़न दस्तावेज़ तैयार किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Powered By Sangraha 9.0