नई दिल्ली, 30 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता विजय कुमार मल्होत्रा का 94 वर्ष की आयु में आज सुबह लगभग छह बजे निधन हो गया। उनका पार्थिव शरीर उनके आधिकारिक आवास 21, गुरुद्वारा रकाबगंज रोड पर अंतिम दर्शनों के लिए रखा गया है। मल्होत्रा का कुछ दिनों से अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में इलाज हो रहा था। प्रो. मल्होत्रा के निधन से राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर है। मल्होत्रा ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और लालकृष्ण आडवाणी के साथ संघ से निकलकर जनसंघ के जरिए राजनीति में कदम रखा।
प्रधानमंत्री मोदी ने शोक जताया
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उनके निधन पर शोक जताया है। प्रधानमंंत्री मोदी ने एक्स संदेश में लिखा, '' श्री विजय कुमार मल्होत्रा जी एक उत्कृष्ट नेता थे, जिन्हें जन मुद्दों की गहरी समझ थी। उन्होंने दिल्ली में हमारी पार्टी को मज़बूत करने में अहम भूमिका निभाई। उन्हें संसदीय मामलों में उनके हस्तक्षेप के लिए भी याद किया जाता है। उनके निधन से दुःख हुआ। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदना। ॐ शांति। ''
अमित शाह व्यथित
केंद्रीय गृह एवं सहकारितामंत्री अमित शाह ने भी मल्होत्रा के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने कहा कि जनसंघ से लेकर जनता पार्टी और भाजपा तक संगठन को आकार और विस्तार देने में अहम भूमिका निभाने वाले भाजपा के वरिष्ठ नेता विजय कुमार मल्होत्रा जी के निधन से मन अत्यंत व्यथित है।
दिल्ली भाजपा में अध्यक्ष हों, दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष या एक जन प्रतिनिधि- विजय कुमार मल्होत्रा ने हर भूमिका में देश और दिल्लीवासियों की सेवा की। उनसे हुई प्रत्येक भेंट में संगठन संबंधी कई बारीक बातें जानने को मिलीं। शोक की इस घड़ी में पूरा भाजपा परिवार उनके परिजनों के साथ खड़ा है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। ॐ शांति शांति शांति।
वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, प्रेरणास्रोत हैं हमारे
भाजपा दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, ''बेहद दुख के साथ हमें सूचित करना पड़ रहा है कि भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और दिल्ली भाजपा के पहले अध्यक्ष प्रो. विजय कुमार मल्होत्रा का आज सुबह निधन हो गया।'' सचदेवा ने कहा कि उनका जीवन सादगी और जनसेवा के प्रति समर्पण की मिसाल रहा। जनसंघ के दिनों से ही उन्होंने दिल्ली में संघ की विचारधारा के विस्तार के लिए अथक प्रयास किए। भाजपा नेता ने कहा, ''उनका जीवन हमेशा से सभी भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत रहा है और आगे भी रहेगा।''
लाहौर में हुआ जन्म
भाजपा की वेबसाइट पर उपलब्ध विवरण के अनुसार, विजय कुमार मल्होत्रा का जन्म 03 दिसंबर, 1931 को ब्रिटिश भारत में पंजाब के लाहौर शहर में हुआ था। यह स्थान अब पाकिस्तान में है। वो कविराज ख़ज़ान चंद की सात संतानों में से चौथे थे। मल्होत्रा को भारतीय राजनीतिज्ञ और खेल प्रशासक के रूप में याद किया जाता है । मल्होत्रा दिल्ली प्रदेश जनसंघ के अध्यक्ष (1972 -75) और भारतीय जनता पार्टी दिल्ली प्रदेश के दो बार अध्यक्ष चुने गए (1977-80, 1980-84)।
मनमोहन सिंह को हराना सबसे बड़ी जीत
भाजपा नेता मल्होत्रा का राजनीति में लंबा सक्रिय कैरियर रहा है। केदारनाथ साहनी और मदनलाल खुराना के साथ मिलकर मल्होत्रा को कई वर्षों तक दिल्ली में भाजपा को बचाए रखने का श्रेय दिया जाता है। उनकी सबसे बड़ी राजनीतिक जीत 1999 के भारतीय आम चुनाव में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को भारी अंतर से पराजित करना माना जाता है। मल्होत्रा पिछले 45 वर्ष में दिल्ली से पांच बार सांसद और दो बार विधायक रहे। साल 2004 के आम चुनाव में मल्होत्रा दिल्ली में अपनी सीट जीतने वाले एकमात्र भाजपा उम्मीदवार रहे हैं। उन्होंने हिंदी साहित्य में डॉक्टरेट की उपाधि प्राप्त की। राजनीति और सामाजिक कार्यों के अलावा उन्होंने शतरंज और तीरंदाजी क्लबों के प्रशासन में निर्णायक भूमिका निभाई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद