कोयंबटूर दौरे पर नितिन नबीन ने किए प्रमुख मंदिरों के दर्शन, पोंगल उत्सव में लिया हिस्सा

11 Jan 2026 16:50:53
Temple visit


कोयंबटूर, 11 जनवरी (हि.स.)। दो दिवसीय कोयंबटूर दौरे पर आए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन ने शहर के प्रमुख आध्यात्मिक स्थलों पेरूर पट्टीश्वरर मंदिर और मरुदमलाई मुरुगन मंदिर में विधिवत दर्शन-पूजन किया। उनके दौरे के दौरान संगठनात्मक गतिविधियों के साथ-साथ तमिलनाडु की सांस्कृतिक परंपराओं में सक्रिय भागीदारी से भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

कोयंबटूर पहुंचने के बाद नितिन नबीन ने पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों और जिम्मेदार नेताओं के साथ पहले गहन विचार-विमर्श किया। इस दौरान संगठन को मजबूत करने, नए सदस्यों को पार्टी से जोड़ने और आगामी राजनीतिक रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा हुई।

इसके पश्चात उन्होंने प्राचीन पेरूर पट्टीश्वरर मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की और मंदिर की प्रसिद्ध हथिनी कल्याणी को केले खिलाकर आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद वे मुरुगन के सातवें पवित्र निवास माने जाने वाले मरुदमलाई मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने सुब्रमण्यम स्वामी के दर्शन किए। उनकी यात्रा को ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसरों में कड़ी पुलिस सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।

दर्शन-पूजन के बाद नितिन नबीन ने वडावल्ली क्षेत्र में आयोजित तमिलों के प्रमुख पर्व पोंगल उत्सव में भी भाग लिया। पारंपरिक तमिल वेशभूषा में उपस्थित होकर उन्होंने तमिल संस्कृति, परंपरा और कला पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अन्नामलाई सहित कई वरिष्ठ पार्टी नेता मौजूद रहे।

नितिन नबीन की इस यात्रा को संगठनात्मक मजबूती के साथ-साथ सांस्कृतिक जुड़ाव की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखा जा रहा है।----------

हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV

Powered By Sangraha 9.0