स्वामी विवेकानंद ने हमेशा युवा शक्ति पर भरोसा किया : नितिन नबीन

युगवार्ता    12-Jan-2026
Total Views |
गुरुग्राम में पहुंचे भाजपा के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का गदा भेंट करके स्वागत करते मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी।


भाजपा के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की स्वागत रैली में खुली गाड़ी में नितिन नबीन के साथ मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली।


-गुरुग्राम पहुंचने पर भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष का किया गया भव्य स्वागत

गुरुग्राम, 12 जनवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा कि देश भर में युवाओं को आगे बढ़ने का भरपूर मौका मिल रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का विकसित भारत का सपना सबका साथ, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मूलमंत्र पर चलते हुए पूरा करना है। उन्होंने कहा कि हम महापुरुषों की जयंतियां एक दिन नहीं, बल्कि पूरे वर्ष मनाते हैं और उनकी प्रेरणा से कार्य करते हैं।

नितिन नबीन सोमवार को गुरुग्राम में स्वामी विवेकानंद जन्म जयंती के अवसर पर आयोजित राष्ट्रीय युवा दिवस कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। भाजपा कार्यालय में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली, युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या और खेल मंत्री गौरव गौतम ने भी संबोधन दिया।

पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद सोमवार को पहली बार गुरुग्राम (हरियाणा) पहुंचने पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली समेत अनेक नेताओं, कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। दिल्ली बॉर्डर से उनकी स्वागत यात्रा निकालकर भाजपा कार्यालय तक लाया गया। इस दौरान जेसीबी मशीनों से उन पर पुष्प वर्षा भी की गई।

अपने संबोधन में नितिन नबीन ने कहा कि हमारे प्रेरणा पुरुष स्वामी विवेकानंद ने हमेशा युवा शक्ति पर भरोसा किया है। स्वामी विवेकानंद का मानना था कि जब-जब देश आगे बढ़ेगा और नई ऊंचाइयों को छूएगा तो उस ऊंचाई का नेतृत्व युवा करता दिखाई देगा। युवाओं से अपील की कि देश का युवा विकसित भारत बनाने में अपनी भूमिका सुनिश्चित करें और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत विजन को पूरा करने में अपना योगदान दें।

नितिन नबीन ने कहा कि एक हजार साल पहले सोमनाथ को रौंदा गया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वाभिमान व गौरव को बढ़ाया जिस पर हमें गर्व है। सोमनाथ मंदिर आज भव्य रूप में खड़ा है।

भाजपा के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की प्रशंसा करते हुए कहा कि सीएम सैनी के नेतृत्व में हरियाणा विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कहा कि आज मैं उस ऊर्जा को महसूस कर रहा हूं जो भारत का युवा देश को विकसित करने में नेतृत्व करेगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में युवा आगे बढ़ रहे हैं और उन्हें रोजगार भी मिल रहा है। देश की 65 प्रतिशत आबादी की उम्र 35 वर्ष से कम है और आने वाले समय में हमारा देश युवाओं का देश होगा।

कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने राजनीतिक तंज कसते हुए कहा कि कुछ राजनीतिक दलों के लोग जब विदेशों की धरती पर जाते हैं तो भारत के संविधान को गाली देकर भारत के संविधान को अपमानित करने का काम करते हैं। 2011 में जब भाजपा ने राष्ट्रीय तिरंगा यात्रा निकाली तो कश्मीर के लाल चौक पर तिरंगा फहराना चाहते थे, लेकिन दिल्ली में बैठी मनमोहन सिंह की सरकार और उमर अब्दुल्ला ने कहा था कि इससे कश्मीर की शांति भंग हो जाएगी। अब भारतीय जनता पार्टी की केंद्र में सरकार बनी तो धारा 370 को तोड़ा गया और कश्मीर में तिरंगा फहराकर भारत की तस्वीर को बदलने का काम किया। अयोध्या में भव्य राम मंदिर बनाकर सनातन परंपरा काे मजबूत किया गया। नितिन नबीन ने कहा कि विपक्ष के नेताओं ने राम मंदिर निर्माण को रोकने का काम किया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भव्य राम मंदिर बना। भगवान राम हमारे आदर्श हैं। भगवान राम के दिखाए मार्ग पर हम चलते हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि अब नए भारत के निर्माण का समय है। 2047 तक हमें हरियाणा और भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है जिसमें हम सभी का योगदान होना चाहिए।

----

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Tags