
नई दिल्ली, 02 जनवरी (हि.स.)। सबसे अमीर कहे जाने वाले मुंबई नगर निगम (बीएमसी) चुनावों को लेकर गहमागहमी तेज हो चली है। इस बीच केंद्रीय मंत्री और रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले) के अध्यक्ष रामदास आठवले ने कहा कि मुंबई में उनकी पार्टी भी 20 सीटों पर चुनाव लड़ेगी और बाकी सीटों पर महायुति को समर्थन देगी। शुक्रवार को नई दिल्ली में आयोजित प्रेसवार्ता में आठवले ने कहा कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़णवीस से बातचीत के बाद यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि अन्य सीटों पर उनकी पार्टी भाजपा को समर्थन देगी। कुछ सीटों पर पार्टी अलग से चुनाव लड़ रही है, लेकिन महायुति के साथ ही बनी रहेगी।
राजठाकरे और उद्धव ठाकरे के एक साथ चुनाव लड़ने के सवाल पर रामदास आठवले ने कहा कि उद्धव ठाकरे ने बाला साहेब ठाकरे की आत्मा को तिलांजलि दी है। उन्होंने राज ठाकरे के साथ हाथ मिलाकर बहुत बड़ी गलती की है। मुंबई चुनाव में महायुति की जीत होगी और मेयर भी बनाएगी। मराठी मेयर के सवाल पर उन्होंने कहा कि बीएमसी चुनाव में उनकी पार्टी का लक्ष्य महायुति को मजबूत करना और उसी का मेयर बनाना है। मुंबई में 60 फीसदी लोग मराठी हैं, इसलिए मराठी ही मेयर होना चाहिए।
उल्लेखनीय है कि मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के 227 वार्डों में मतदान 15 जनवरी को कराया जाएगा। मतगणना 16 जनवरी को होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी