नॉर्वे चेस 2026 में हिस्सा लेंगे प्रज्ञानानंद रमेशबाबू

20 Jan 2026 17:57:57
भारत के स्टार शतरंज खिलाड़ी आर. प्रज्ञानानंद


स्टावेंगर (नॉर्वे), 20 जनवरी (हि.स.)। भारत के स्टार शतरंज खिलाड़ी प्रज्ञानानंद रमेशबाबू को प्रतिष्ठित नॉर्वे चेस 2026 टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के लिए आधिकारिक रूप से पुष्टि कर दी गई है। नई पीढ़ी के सबसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों में शामिल प्रज्ञानानंद ने 2025 फिडे सर्किट जीतकर 2026 कैंडिडेट्स टूर्नामेंट के लिए क्वालिफाई किया था और लगातार विश्व शतरंज के शीर्ष खिलाड़ियों में अपनी जगह मजबूत कर रहे हैं।

नॉर्वे चेस में वापसी को लेकर प्रज्ञानानंद ने कहा, “मैं नॉर्वे चेस में फिर से खेलने के लिए उत्साहित हूं। 2024 में यहां खेलना मुझे बेहद पसंद आया था। यह अब तक का सबसे रोमांचक फॉर्मेट रहा है।”

नॉर्वे चेस की मुख्य संचालन अधिकारी बेनेडिक्टे वेस्ट्रे स्कोग ने कहा कि 2024 में प्रज्ञानानंद ने टूर्नामेंट में कई यादगार पल दिए थे और 2026 में उनकी वापसी दर्शकों के लिए बेहद रोमांचक होगी।

प्रज्ञानानंद ने मात्र 12 वर्ष 10 महीने की उम्र में ग्रैंडमास्टर बनकर इतिहास रचा था। वह फिडे वर्ल्ड कप फाइनल में पहुंचने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी भी रहे हैं। 2024 में उन्होंने नॉर्वे चेस में मैग्नस कार्लसन के खिलाफ अपनी पहली क्लासिकल जीत दर्ज की थी और उसी वर्ष शतरंज ओलंपियाड में भारत की स्वर्ण पदक विजेता टीम का हिस्सा रहे।

लगातार शानदार प्रदर्शन के दम पर प्रज्ञानानंद विश्व रैंकिंग में करियर की सर्वोच्च चौथी रैंक तक पहुंचे हैं, जबकि उनकी पीक रेटिंग 2785 रही है।

नॉर्वे चेस 2026 का आयोजन 25 मई से 5 जून तक ओस्लो के डाइचमैन ब्योर्विका में किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0