मनरेगा पर कांग्रेस 22 जनवरी को राजधानी दिल्ली में करेगी संवाद कार्यक्रम

21 Jan 2026 15:49:53
कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित


नई दिल्ली, 21 जनवरी (हि.स.)। कांग्रेस गुरुवार 22 जनवरी को दिल्ली के जवाहर भवन में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार योजना (मनरेगा) पर एक राष्ट्रीय संवाद का आयोजन करेगी। इस कार्यक्रम में देश के करीब 25 राज्यों से 400 से अधिक मनरेगा श्रमिक और कार्यकर्ता हिस्सा लेंगे।

कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने बुधवार को यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि मनरेगा लोगों को अधिकार के रूप में मिला है, लेकिन भाजपा सरकार ने इस अधिकार को छीना है। कांग्रेस इसका विरोध कर रही है और इसकी बहाली के लिए देशव्यापी आंदोलन चला रही है। जिन लोगों ने मनरेगा में काम किया है, उनके अनुभव और विचारों को सामने लाने के लिए यह संवाद कार्यक्रम रखा गया है।

संदीप दीक्षित ने कहा कि इस कार्यक्रम में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी भी मौजूद रहेंगे। इस बैठक के जरिए पूरे देश में मनरेगा को लेकर चल रहे आंदोलन की दिशा और रणनीति तय की जाएगी। खास बात यह है कि अलग-अलग राज्यों से आए कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्र की मिट्टी साथ लाएंगे। इन मिट्टियों को मिलाकर जवाहर भवन परिसर में एक पौधा लगाया जाएगा, जिसे मनरेगा और मजदूरों के संघर्ष का प्रतीक माना जा रहा है।

उन्होंने कहा कि बैठक में इस बात पर भी चर्चा होगी कि मनरेगा का नाम और स्वरूप कैसे बदला गया, इसके पीछे की मंशा क्या है और आगे आंदोलन को किस तरह तेज किया जाए। मोदी सरकार इस पूरी प्रक्रिया को नष्ट कर रही है और भाजपा द्वारा लाए गए नए कानून का विरोध जारी रहेगा।

उन्होंने कहा कि कोविड काल में मनरेगा करोड़ों लोगों के लिए संजीवनी साबित हुआ था। इस योजना ने गांवों में सड़कें, स्कूल, पंचायत भवन, तालाब और जल संरक्षण के साधन बनाने में अहम भूमिका निभाई है। संवाद कार्यक्रम में वे लोग भी शामिल होंगे जिन्होंने मनरेगा के जरिए अपने गांवों में विकास कार्य किए और देश निर्माण में योगदान दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Powered By Sangraha 9.0