नितिन नवीन 27-28 जनवरी को पश्चिम बंगाल में चुनावी तैयारियों की करेंगे समीक्षा

21 Jan 2026 20:52:53
भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन मुख्यालय पहुंचे


नई दिल्ली, 21 जनवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पद संभालने के बाद पश्चिम बंगाल के दौरे पर जाएंगे।

पार्टी सूत्रों के अनुसार नवीन 27-28 जनवरी को पश्चिम बंगाल आ सकते हैं। इस दौरान वे विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा के लिए पार्टी की कोर ग्रुप की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। साथ ही, कार्यकर्ताओं के साथ संवाद के कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। आज भी नितिन नवीन ने अपनी पहली बैठक में पश्चिम बंगाल में बूथ स्तर तक की समीक्षा की।

उल्लेखनीय है कि पिछले महीने कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद से वे चुनावी राज्यों पुड्डुचेरी, असम, तमिलनाडु और केरल का दौरा कर चुके हैं। मंगलवार को आधिकारिक रूप से घोषणा के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में उन्होंने अपने 20 मिनट के संबोधन में पश्चिम बंगाल का खासतौर से जिक्र किया था।

सूत्रों के मुताबिक अध्यक्ष ने राज्य नेताओं को बेवजह की बयानबाजी से बचने को कहा है। उनसे कहा गया है कि वे तृणमूल कांग्रेस के जाल में न उलझें और अपना नैरिटेव बनाएं ताकि राज्य की जनता को साथ लिया जा सके। एकजुटता का संदेश देने के लिए राज्य के अलग-अलग इलाकों से यात्राएं निकालने पर विचार हो रहा है, जिनकी अगुवाई प्रदेश के वरिष्ठ भाजपा नेता करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Powered By Sangraha 9.0