
नई दिल्ली, 24 जनवरी (हि.स.)। सामाजिक न्याय के पुरोधा, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और ‘भारत रत्न’ से सम्मानित जननायक कर्पूरी ठाकुर की जयंती पर गृह मंत्री अमित शाह, विभिन्न राजनीतिक नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके योगदान को याद किया।
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कर्पूरी ठाकुर को सामाजिक न्याय का अनुकरणीय आदर्श बताते हुए कहा कि उन्होंने वंचितों, पिछड़ों, महिलाओं और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए आरक्षण की व्यवस्था कर सामाजिक समानता की मजबूत नींव रखी।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि जननायक कर्पूरी ठाकुर ने दलितों और वंचितों के उत्थान के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। उनके विचार और कार्य आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करते रहेंगे।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उन्हें सामाजिक न्याय का सशक्त हस्ताक्षर बताते हुए कहा कि कर्पूरी ठाकुर ने आजीवन गरीब और पिछड़े वर्गों के कल्याण के लिए कार्य किया। सामाजिक समरसता के क्षेत्र में उनका योगदान देश हमेशा याद रखेगा।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि वंचित और पिछड़े वर्गों को सामाजिक एवं राजनीतिक मुख्यधारा से जोड़ने के उनके प्रयासों ने भारतीय लोकतंत्र को नई दिशा और गहराई दी। उनका सार्वजनिक जीवन सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी कर्पूरी ठाकुर को नमन करते हुए कहा कि पिछड़े और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए उनका संघर्ष और सामाजिक न्याय के लिए उनका नेतृत्व देश को लगातार मार्गदर्शन देता रहेगा।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जननायक कर्पूरी ठाकुर ने पिछड़े और वंचित वर्गों के अधिकारों की रक्षा और उनके उत्थान के लिए आजीवन कार्य किया। उन्होंने समाज के अंतिम व्यक्ति के जीवन में आशा और आत्मसम्मान का संचार किया।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 'भारत रत्न' जननायक कर्पूरी ठाकुर को नमन करते हुए कहा कि कर्पूरी ठाकुर के सादगीपूर्ण जीवन, अडिग सिद्धांतों और वंचित-शोषित वर्गों के लिए किए गए संघर्ष को अद्वितीय प्रेरणा बताया। उन्होंने कहा कि कर्पूरी ठाकुर ने राजनीति को लोकसेवा का माध्यम बनाकर समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को सम्मान और आवाज दी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी