'राष्ट्रीय बालिका दिवस' पर केंद्रीय मंत्रियों सहित विपक्षी नेताओं ने दी शुभकामनाएं

24 Jan 2026 12:09:53
राष्ट्रीय बालिका दिवस


नई दिल्ली, 24 जनवरी (हि.स.)। 'राष्ट्रीय बालिका दिवस' पर केंद्रीय मंत्रियों सहित विपक्षी नेताओं ने दी शुभकामनाएं देते हुए बेटियों के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण का संकल्प दोहराया। बालिकाओं को देश की प्रगति का आधार स्तंभ बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

गृहमंत्री अमित शाह ने एक्स पर कहा, राष्ट्रीय बालिका दिवस यह दर्शाता है कि बालिकाएं केवल हमारी जिम्मेदारी ही नहीं, बल्कि हमारी अपार शक्ति हैं। रानी लक्ष्मीबाई, रानी वेलू नाचियार, मूला गभरू और प्रीतिलता वड्डेदार के गौरवशाली उदाहरण प्रत्येक भारतीय के हृदय को गर्व और प्रेरणा से भर देते हैं। मोदी सरकार के महिला-प्रधान विकास के मंत्र ने नारी शक्ति को विकास के पथ पर अग्रसर किया है और आज महिलाएं हमारे राष्ट्र की प्रगति का नेतृत्व कर रही हैं।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि इस बालिका दिवस पर सभी लैंगिक भेदभाव को समाप्त करने और यह सुनिश्चित करने के अपने संकल्प को दोहराएं कि प्रत्येक बालिका को वे अवसर मिले जिनकी वह हकदार है, चाहें वह गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, सुरक्षा और उचित पोषण हो।

केन्द्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि वह देश की समस्त बालिकाओं के लिए उनके प्रगतिशील एवं उज्‍ज्‍वल भविष्‍य की मंगलकामना करते हैं।

केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने कहा कि बालिका हर क्षेत्र में समान है। आइए आज, कल और हर दिन बालिका का सम्मान करें और उसका जश्न मनाएं।

केन्द्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि बेटियों की उन्नति से ही, राष्ट्र की उन्नति संभव है! शिक्षित एवं आत्मनिर्भर बेटियां ही सशक्त भारत एवं सृष्टि के विकास का आधार है।

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि उनकी सरकार हर बालिका को एक नेता, नवाचारी और देश बनाने वाली के तौर पर सेलिब्रेट करते हैं। हर लड़की की महत्वाकांक्षा, हिम्मत और पक्का इरादा एक मज़बूत भारत की तरफ एक कदम है।

केन्द्रीय बंदरगाह, जहाजरानी एवं जलमार्ग मंत्री सरबानंद सोनोवाल ने कहा कि बेटियां राष्ट्र का गौरव और शक्ति हैं और राष्ट्रीय बालिका दिवस पर हम उनकी असीम क्षमता का जश्न मनाते हैं।

संसदीय कार्य मामलों के राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर सभी बेटियों का अभिनंदन। बेटियां हमारी मान व स्वाभिमान हैं। आइए, हम सभी बेटियों के सम्मान, शिक्षा, सुरक्षा व सशक्तिकरण हेतु संकल्पित हों।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Powered By Sangraha 9.0