राष्ट्रपति ने 30 लोगों को दिए जीवन रक्षा पदक पुरस्कार 2025, 6 सर्वोत्तम, 6 उत्तम और 18 जीवन रक्षा पदक

25 Jan 2026 20:28:53
जीवन रक्षा पदक पुरस्कार


नई दिल्ली, 25 जनवरी (हि.स.)। राष्ट्रपति ने साल 2025 के लिए जीवन रक्षा पदक पुरस्कारों की घोषणा की। इस बार कुल 30 व्यक्तियों को इन सम्मानों से सम्मानित किया जाएगा, जिनमें 6 सर्वोत्तम जीवन रक्षा पदक, 6 उत्तम जीवन रक्षा पदक और 18 जीवन रक्षा पदक शामिल हैं। इनमें से छह पुरस्कार मरणोपरांत प्रदान दिए जाएंगे।

केंद्रीय गृह मंत्रालय ने बताया कि जीवन रक्षा पदक श्रंखला उन व्यक्तियों को दिया जाता है जिन्होंने दूसरों की जान बचाने में साहस और मानवीय संवेदनाओं का परिचय दिया। यह पुरस्कार तीन श्रेणियों सर्वोत्तम जीवन रक्षा पदक, उत्तम जीवन रक्षा पदक और जीवन रक्षा पदक में प्रदान किया जाता है।

सर्वोत्तम जीवन रक्षा पदक पाने वालों में मध्य प्रदेश के मनोहर सिंह चौहान (मरणोपरांत) और राजेंद्र प्रसाद मिश्रा, तमिलनाडु के पी. एस. गौरीशंकर राजा (मरणोपरांत), रक्षा मंत्रालय के नायक आशुतोष बिस्वास (मरणोपरांत), दीपक कुमार (मरणोपरांत) और नायब सूबेदार मंजीत (मरणोपरांत) शामिल हैं।

उत्तम जीवन रक्षा पदक दिल्ली के सुमित यादव, जम्मू-कश्मीर के वसीम अहमद गनी, केरल के मोहम्मद शामिल सी., मिज़ोरम के जोसेफ लालनुनमाविया, रक्षा मंत्रालय के सौम्यरंजन बेहेरा और सिपाही श्वेन्सिनलो सेम्प (मरणोपरांत) को दिया जाएगा।

जीवन रक्षा पदक में अंडमान और निकोबार से उमर फारूक को सम्मानित किया गया है। आंध्र प्रदेश से नेटला मधु और पोटलुरी कृष्णनजनेयुलु को यह पुरस्कार मिला है। जम्मू और कश्मीर से धरन प्रीत सिंह, पवन सिंह और राहुल सैनी को जीवन रक्षा पदक दिया गया है। केरल से जयेष टी जे, मास्टर आकाश के पी, मास्टर हार्षिक मोहन, मास्टर ऋतुनंद सि, मास्टर वैशाख के और मास्टर यदुनंद सि को सम्मानित किया गया है। लक्षद्वीप से मोहम्मद बथिशा पी एन को यह पुरस्कार मिला है। महाराष्ट्र से रुपाली प्रतापराव कदम को जीवन रक्षा पदक दिया गया है। मिजोरम से लालडिंकीमी को सम्मानित किया गया है। पंजाब से इंदरजीत सिंह को यह पुरस्कार मिला है। सीमा सड़क संगठन से कादू राम मीना को जीवन रक्षा पदक दिया गया है। रक्षा मंत्रालय से मेजर विश्वदीप सिंह अत्री को भी इस सम्मान के लिए चुना गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Powered By Sangraha 9.0