प्रधानमंत्री ने उत्साह और राष्ट्रीय गौरव से भरे गणतंत्र दिवस समारोह की सराहना की

26 Jan 2026 20:45:53
गणतंत्र दिवस कार्यक्रम में विदेशी मेहमानों के साथ प्रधानमंत्री मोदी


गणतंत्र दिवस कार्यक्रम में विदेशी मेहमानों के साथ प्रधानमंत्री मोदी


राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के ‘एट होम’ पर मेहमान


नई दिल्ली, 26 जनवरी (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि देश ने 77वां गणतंत्र दिवस पूरे उत्साह और राष्ट्रीय गौरव के साथ मनाया। कर्तव्य पथ पर आयोजित भव्य परेड ने भारत के लोकतंत्र की मजबूती, समृद्ध विरासत और देश को एक सूत्र में बांधने वाली एकता को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया। प्रधानमंत्री ने गणतंत्र दिवस समारोह की झलकियां सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर साझा करते हुए कहा कि कर्तव्य पथ पर राष्ट्रीय गौरव का सशक्त प्रदर्शन देखने को मिला। उन्होंने कहा कि यह परेड भारत की बढ़ती क्षमताओं और आत्मविश्वास का प्रतीक है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान भारत को यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंतोनियो कोस्टा और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन की मेजबानी करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। उनकी उपस्थिति भारत और यूरोपीय संघ के बीच मजबूत होते साझेदारी संबंधों और साझा मूल्यों के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है। यह दौरा भारत और यूरोप के बीच विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग और सहभागिता को और गति प्रदान करेगा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि गणतंत्र दिवस परेड में भारत की सुदृढ़ और सक्षम सुरक्षा व्यवस्था का प्रभावशाली प्रदर्शन देखने को मिला। यह परेड देश की तैयारियों, तकनीकी क्षमता और नागरिकों की सुरक्षा के प्रति अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि परेड के माध्यम से भारत की सुरक्षा बलों की निरंतर सशक्त होती क्षमताओं की झलक भी मिली। देश की सुरक्षा बल वास्तव में राष्ट्र का गौरव हैं और उनकी प्रभावशाली उपस्थिति ने पूरे देश को गर्व से भर दिया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि कर्तव्य पथ पर आयोजित गणतंत्र दिवस परेड में भारत की सांस्कृतिक विविधता का सजीव और रंगारंग प्रदर्शन देखने को मिला। विभिन्न राज्यों की जीवंत प्रस्तुतियों और झांकियों के माध्यम से भारत की बहुरंगी सांस्कृतिक विरासत को प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया गया।

प्रधानमंत्री ने एक्स पर एक के बाद एक पोस्ट साझा करते हुए कहा कि गणतंत्र दिवस समारोह ने देश की एकता, सांस्कृतिक समृद्धि और सामूहिक राष्ट्रीय चेतना को मजबूती से अभिव्यक्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Powered By Sangraha 9.0