69वीं राष्ट्रीय शालेय बालिका हॉकी प्रतियोगिता का समापन, झारखंड की दोनों टीमों ने जीते खिताब

युगवार्ता    07-Jan-2026
Total Views |
69वीं राष्ट्रीय शालेय बालिका हॉकी प्रतियोगिता


- मध्य प्रदेश की टीमें रहीं उप विजेता

ग्वालियर, 07 जनवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में आयोजित हुई 69वीं राष्ट्रीय शालेय बालिका हॉकी प्रतियोगिता का बुधवार को भव्य समापन हुआ। बालिकाओं के 14 व 19 वर्ष आयु वर्ग में खेली गई इस प्रतियोगिता के दोनों खिताब झारखंड के नाम रहे। दोनों वर्गों के रोमांचक फायनल मुकाबलों में उत्कृष्ट हॉकी का प्रदर्शन कर झारखण्ड ने मध्य प्रदेश को पराजित कर खिताब पर कब्जा जमाया।

यहां कम्पू स्थित राजमाता विजयाराजे सिंधिया खेल परिसर के मैदान पर हुए फायनल मैच का आनंद लेने के लिए जिला पंचायत की अध्यक्ष दुर्गेश कुँवर सिंह जाटव व उपाध्यक्ष प्रियंका सिंह घुरैया, कलेक्टर रुचिका चौहान, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत, प्रतियोगिता के ऑब्जर्वर पदम सिंह एवं नितेश शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण पहुंचे। बुधवार को चौदह वर्ष आयु वर्ग में झारखंड एवं मध्य प्रदेश की बालिकाओं के बीच खेले गए रोमांचक फायनल मुकाबले में मध्य प्रदेश की टीम को झारखंड की टीम ने एक के मुकाबले दो गोल से पराजित किया। इसी तरह 19 वर्ष आयु वर्ग में झारखंड की टीम ने मध्य प्रदेश पर 3 – 2 से फतह हासिल की।

कम्पू खेल परिसर में आयोजित हुई 69वीं राष्ट्रीय शालेय बालिका हॉकी प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों व केन्द्र शासित प्रदेशों की 27 टीमों ने हिस्सा लिया था। प्रतियोगिता के सामपन अवसर पर स्कूली छात्राओं द्वारा मनोहरी रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। प्रतियोगिता के फायनल मैच के बाद विजेता व उप विजेता टीमों को ट्रॉफी एवं मैडल प्रदान किए गए। साथ ही तकनीकी ऑफिशियल्स एवं कोच इत्यादि को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी हरिओम चतुर्वेदी, डीपीसी रविन्द्र सिंह तोमर, शालेय जिला क्रीडा अधिकारी आरके सिंह व पंकज शर्मा सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे। अंत में सहायक संचालक स्कूल शिक्षा पुष्पा ढोंडी ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. एस बी ओझा एवं सुनीता पाठक द्वारा किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Tags