एनरॉक प्रॉपर्टी कंसल्टेंट्स लिमिटेड ने आईपीओ के लिए सेबी के समक्ष दाखिल किया डीआरएचपी

01 Oct 2026 22:41:53
कंपनी के लोगो का प्रतीकात्मक चित्र


नई दिल्ली, 01 अक्टूबर (हि.स.)। मुंबई स्थित एनरॉक प्रॉपर्टी कंसल्टेंट्स लिमिटेड ने आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के माध्यम से धन जुटाने के लिए पूंजी बाजार नियामक भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) के समक्ष अपना ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (डीआरएचपी) दाखिल किया है।

सेबी के पास जमा मसौदा दस्तावेज के अनुसार एनरॉक प्रॉपर्टी कंसल्टेंट्स लिमिटेड के एक रुपये फेस वैल्यू वाले इस आईपीओ में 550 करोड़ रुपये तक का फ्रेश इश्यू और प्रमोटर्स पीटर प्रॉपर्टीज लिमिटेड और खुशी ट्रस्ट की ओर से 450 करोड़ रुपये तक का ऑफर-फॉर-सेल ओएफएस शामिल है। इसके शेयर एनएसई और बीएसई पर लिस्टिंग के लिए प्रस्तावित हैं।

एनरॉक प्रॉपर्टी कंसल्टेंट्स लिमिटेड की योजना इस इश्यू से एक हजार करोड़ रुपये जुटाने की है। कंपनी इस फ्रेश इश्यू से मिलने वाली 80 करोड़ रुपये का इस्तेमाल कंपनी के कुछ खास बिजनेस लाइन्स के लिए करेगी। इसमें एसीपी के जरिए टेक्नोलॉजी सॉल्यूशंस के लिए 25 करोड़ रुपये और 15 करोड़ रुपये, क्लाइंट एंगेजमेंट को बेहतर बनाने, नई स्पेशलाइज्ड सर्विस को जोड़ने के लिए 89.5 करोड़ रुपये और डीएसपी एक्विजिशन के लिए 148 करोड़ रुपये और सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के माध्यम से इनऑर्गेनिक ग्रोथ को फंड करने के लिए रकम का इस्तेमाल होगा।

कंपनी के मुताबिक ये ऑफर बुक-बिल्डिंग प्रोसेस के जरिए लाया जा रहा है, जिसमें ऑफर का 50 फीसदी से ज्यादा हिस्सा योग्य संस्थागत खरीदार को नहीं दिया जाएगा, और ऑफर का कम से कम 15 फीसदी और 35 फीसदी हिस्सा क्रमशः गैर-संस्थागत बोलीदाता और खुदरा व्यक्तिगत बोलीदाता को दिया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि 2011 में बनी यह कंपनी एक इंडिपेंडेंट रियल एस्टेट एडवाइजरी और सर्विस फर्म है। ये कंपनी इंस्टीट्यूशनल रियल एस्टेट मार्केट की जानकारी, अपनी मार्केट नॉलेज और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस-बेस्ड इनसाइट्स का इस्तेमाल करके कई तरह के क्लाइंट्स को रियल एस्टेट से जुड़े पूरे समाधान देती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Powered By Sangraha 9.0