स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत तुकमीरपुर में 103 आरएएफ बटालियन ने चलाया स्वच्छता अभियान

01 Oct 2026 13:40:53

नई दिल्ली, 01 अक्टूबर (हि.स.)। ‘स्वच्छता ही सेवा’ और सेवा संकल्प अभियान के तहत 103 आरएएफ बटालियन ने गुरुवार को पुष्पांजलि स्कूल, तुकमीरपुर में स्वच्छता अभियान चलाया। दिल्ली सरकार के कला, संस्कृति एवं भाषा मंत्री कपिल मिश्रा ने अभियान में सहभागिता की। इस दौरान आरएएफ के जवानों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, क्षेत्रवासियों और स्कूल के बच्चों ने मिलकर स्वच्छता अभियान में हिस्सा लिया। दिल्ली सरकार के अनुसार, राजधानी में करीब 300 स्थानों पर स्वच्छता महाअभियान चलाया जा रहा है।

अभियान में सादतपुर की निगम पार्षद नीता बिष्ट, भाजपा मंडल अध्यक्ष राकेश ढेड़ा, 103 आरएएफ बटालियन के कमांडेंट चंदन बॉबी सिंह, आरएएफ की टीम, स्थानीय जनप्रतिनिधि, क्षेत्रवासी और स्कूल के बच्चे शामिल हुए।

मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि 103 आरएएफ बटालियन की टीम हर वर्ष क्षेत्रवासियों और विद्यार्थियों के साथ मिलकर इस तरह के स्वच्छता अभियान आयोजित करती है। उन्होंने सामाजिक दायित्व को कर्तव्य और ड्यूटी से आगे बढ़कर निभाने के लिए बटालियन, कमांडेंट और उनकी टीम का आभार जताया। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास समाज में जिम्मेदारी और सेवा की भावना को मजबूत करते हैं।

मिश्रा ने कहा कि पूरी दिल्ली में करीब 300 स्थानों पर स्वच्छता महाअभियान चलाया जा रहा है। इसका नेतृत्व मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता कर रही हैं। मंत्री, विधायक, निगम पार्षद, अन्य जनप्रतिनिधि और आम नागरिक अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान में भाग ले रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान भी चल रहा है। प्रधानमंत्री ने पूरे देश को स्वच्छता और सेवा का संदेश दिया है। उनके नेतृत्व में स्वच्छ भारत अभियान ने स्वच्छता को जनआंदोलन का रूप दिया है।

मंत्री ने कहा कि स्वच्छता सभी की सामूहिक और नैतिक जिम्मेदारी है। दिल्ली को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी भूमिका निभानी चाहिए। स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित रखने के बजाय इसे दैनिक जीवन की आदत और सामाजिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि सामूहिक भागीदारी से ही स्वच्छ, सुंदर और बेहतर दिल्ली के संकल्प को आगे बढ़ाया जा सकता है। सरकार, सुरक्षा बलों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों को मिलकर लगातार प्रयास करने होंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Powered By Sangraha 9.0