देश को स्वर्ण दिलाने वाले खिलाड़ियों को अब साई केंद्र में मिलेगी ‘सोना बाथ’ सुविधा

01 Oct 2026 19:52:53

धर्मशाला, 01 अक्टूबर (हि.स.)। देश के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों की तैयारियों का प्रमुख केंद्र बने भारतीय खेल प्राधिकरण के राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र (एनसीओई) धर्मशाला में अब खिलाड़ियों को सोना बाथ की सुविधा मिलने की उम्मीद जगी है। एशियन गेम्स में भारतीय महिला कबड्डी टीम को स्वर्ण पदक दिलाने वाली टीम की कप्तान सहित धर्मशाला केंद्र के तीन खिलाड़ियों के एक साथ पदक जीतने के बाद केंद्र ने यह सुविधा शुरू करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए साई चंडीगढ़ से पत्राचार किया जा रहा है।

एनसीओई धर्मशाला में लंबे समय से अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी प्रशिक्षण ले रहे हैं। यहां से तैयार खिलाड़ी देश और विदेश में आयोजित बड़ी प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर केंद्र का नाम रोशन कर रहे हैं। बावजूद इसके खिलाड़ियों को प्रशिक्षण के बाद शरीर की थकान और मांसपेशियों को राहत देने के लिए इस्तेमाल होने वाली सोना बाथ सुविधा उपलब्ध नहीं थी। अब एशियन गेम्स में धर्मशाला केंद्र के खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन के बाद इस कमी को दूर करने की कवायद शुरू हुई है। खेल विशेषज्ञों के अनुसार सोना बाथ खिलाड़ियों के लिए अत्यंत उपयोगी सुविधा है। इसमें गर्म पानी और भाप के माध्यम से शरीर को आराम देने, मांसपेशियों की जकड़न कम करने और कठिन प्रशिक्षण या प्रतियोगिता के बाद शरीर को पुनः तैयार करने में मदद मिलती है। अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के प्रशिक्षण में ऐसी पुनर्वास और रिकवरी सुविधाओं की अहम भूमिका रहती है। लगातार अभ्यास और प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों के लिए रिकवरी बेहतर होने से प्रशिक्षण की निरंतरता बनाए रखने में मदद मिलती है।

एनसीओई धर्मशाला की उपयोगिता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि यहां प्रशिक्षण लेने वाले खिलाड़ी राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। एशियन गेम्स में धर्मशाला केंद्र से जुड़े तीन खिलाड़ियों के एक साथ भारतीय टीम में शामिल होकर पदक जीतना केंद्र की प्रशिक्षण व्यवस्था की क्षमता को भी दर्शाता है। ऐसे में खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण के साथ बेहतर पुनर्वास और रिकवरी सुविधाएं उपलब्ध करवाने की जरूरत लगातार महसूस की जा रही है।

एनसीओई के सहायक निदेशक जेपी साहनी ने बताया कि खिलाड़ियों के लिए सोना बाथ सुविधा शुरू करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस संबंध में साई चंडीगढ़ से पत्राचार किया जा रहा है। खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना केंद्र की प्राथमिकता है और आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद सुविधा शुरू करने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Powered By Sangraha 9.0