'रामायण' में रणबीर कपूर को लेकर मुकेश खन्ना ने जताई नाराजगी

01 Oct 2026 15:39:53
रणबीर कपूर, मुकेश खन्ना - फोटो सोर्स एक्स


मुंबई, 01 अक्टूबर (हि.स.)। 'शक्तिमान' के नाम से मशहूर अभिनेता मुकेश खन्ना ने नितेश तिवारी की आगामी फिल्म 'रामायण' के ट्रेलर को लेकर नाराजगी जताई है। एक हालिया इंटरव्यू में उन्होंने फिल्म के एक्शन दृश्यों और भगवान राम के चित्रण पर सवाल उठाए।

मुकेश खन्ना ने कहा कि श्रीराम को 'मर्यादा पुरुषोत्तम' के रूप में दिखाने के बजाय फिल्म में उन्हें एक्शन हीरो की तरह पेश किया गया है। पेड़ पर चढ़कर तीर चलाने वाले दृश्य का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि भगवान राम की दिव्य और मर्यादित छवि के साथ इस तरह की प्रस्तुति मेल नहीं खाती।

मुकेश खन्ना ने दिए इंटरव्यू में कहा कि निर्माताओं ने भगवान राम को सलमान खान, अमिताभ बच्चन और रजनीकांत जैसे एक्शन सितारों की तरह पेश कर दिया है। उन्होंने कहा कि श्रीराम हमेशा शांत और मर्यादित रहते थे और समुद्र के सामने भी उन्होंने हाथ जोड़कर मार्ग मांगा था। अभिनेता ने फिल्म के एक्शन को लेकर सवाल उठाते हुए यह भी कहा कि अगर राम को एक फिल्मी एक्शन हीरो की तरह अकेले ही सभी दुश्मनों का सामना करते दिखाया जाएगा, तो फिर रामायण में वानर सेना की भूमिका का क्या महत्व रह जाएगा। उन्होंने निर्माताओं से भगवान राम की पारंपरिक छवि और धार्मिक भावनाओं का ध्यान रखने की बात कही।

फिल्म में इस्तेमाल किए गए भारी-भरकम वीएफएक्स को लेकर भी मुकेश खन्ना ने अपनी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि भारतीय फिल्मों में तकनीक के साथ देश की आस्था और धार्मिक भावनाओं को भी महत्व दिया जाना चाहिए। नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही 'रामायण' में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म में अरुण गोविल, सनी देओल, रकुल प्रीत सिंह और काजल अग्रवाल भी अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म दो भागों में रिलीज होगी और इसका पहला भाग दिवाली के मौके पर सिनेमाघरों में आने वाला है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Powered By Sangraha 9.0