
आइची-नागोया, 01 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय तीरंदाज गणेश मणि रत्नम थिरुमुरु ने गुरुवार को एशियाई खेल 2026 की पुरुष कंपाउंड व्यक्तिगत तीरंदाजी स्पर्धा में कांस्य पदक जीत लिया। कांस्य पदक मुकाबले में गणेश ने वियतनाम के कोंग डुक डांग को 149-144 से हराकर पोडियम पर जगह बनाई।
गणेश ने मुकाबले की शुरुआत शानदार अंदाज में की। पहले सेट में उन्होंने लगातार तीन 10 अंक हासिल किए, जबकि डांग ने 10, 9 और 10 अंक जुटाए। इसके साथ गणेश ने 30-29 की बढ़त बनाई।
दूसरे सेट में भी भारतीय तीरंदाज ने तीनों तीरों पर 10 अंक हासिल किए, जबकि डांग के खाते में 10, 9 और 10 अंक आए। गणेश ने अपनी बढ़त बढ़ाकर 60-58 कर ली।
तीसरे सेट में दोनों तीरंदाजों ने तीनों प्रयासों में 10-10 अंक हासिल किए। इसके बावजूद गणेश की कुल बढ़त बरकरार रही और स्कोर 90-88 रहा।
चौथे सेट में गणेश ने 10, 9 और 10 अंक जुटाए, जबकि डांग ने 9, 10 और 9 अंक हासिल किए। गणेश ने 119-116 की बढ़त के साथ अंतिम सेट में प्रवेश किया।
पांचवें और अंतिम सेट में गणेश ने लगातार तीन 10 अंक लगाए। वहीं डांग 8, 10 और 10 अंक ही हासिल कर सके। गणेश ने कुल 149 अंक जुटाए, जबकि डांग 144 अंक हासिल कर सके।
गणेश ने मुकाबले में कुल 14 बार 10 अंक और केवल एक बार 9 अंक हासिल किया। उनकी इस शानदार सटीकता ने भारत को कंपाउंड व्यक्तिगत स्पर्धा में कांस्य पदक दिलाया।
इसके साथ ही एशियाई खेलों में भारतीय कंपाउंड तीरंदाजी दल का अभियान तीन स्वर्ण और एक कांस्य पदक के साथ समाप्त हुआ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे