(संशोधित) एशियाई खेल : भारत ने 13वें दिन जीते 5 पदक, कुल 65 पदकों के साथ आठवें स्थान पर

01 Oct 2026 17:50:53
भारत के मनु फ्रांसिस और प्रिंस कुरिसिंकल नोबल


नागोया, 01 अक्टूबर (हि.स.)। एशियाई खेल-2026 में भारत के पदक अभियान के लिए गुरुवार का दिन शानदार रहा। भारत ने आज दो रजत और तीन कांस्य समेत 5 पदक जीते। इसके साथ भारत कुल 65 पदकों के साथ तालिका में आठवें स्थान पर बना हुआ है। भारत के खाते में अब 10 स्वर्ण, 23 रजत और 32 कांस्य पदक हैं।

भारत के लिए दिन का पहला पदक महिला स्क्वैश टीम ने जीता। अनाहत सिंह, तन्वी खन्ना और जोशना चिनप्पा की टीम को सेमीफाइनल में हांगकांग से 1-2 से हार का सामना करना पड़ा, जिससे उसे कांस्य पदक मिला। पुरुष स्क्वैश टीम ने भी सेमीफाइनल में मलेशिया के खिलाफ 1-2 की हार के बाद कांस्य पदक अपने नाम किया। पुरुष टीम में अभय सिंह, वेलावन सेंथिलकुमार और वीर चोटरानी शामिल थे।

नौकायन में पुरुष स्किफ स्पर्धा में प्राइस नोबल और मनु फ्रांसिस ने रजत पदक जीता। दोनों चीन के बाद दूसरे स्थान पर रहे। तीरंदाजी में गणेश मणि रत्नम थिरुमुरु ने पुरुष कंपाउंड व्यक्तिगत स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल किया।

कुश्ती में नितेश ने पुरुषों के 97 किग्रा ग्रीको-रोमन वर्ग में रजत पदक जीता। यह दिन का भारत का दूसरा रजत पदक रहा। इससे भारत के कुल रजत पदकों की संख्या 23 हो गई।

पदक तालिका में चीन 152 स्वर्ण, 71 रजत और 62 कांस्य सहित कुल 285 पदकों के साथ शीर्ष पर है। जापान 58 स्वर्ण, 78 रजत और 79 कांस्य सहित 215 पदकों के साथ दूसरे, जबकि कोरिया गणराज्य 30 स्वर्ण, 30 रजत और 52 कांस्य सहित 112 पदकों के साथ तीसरे स्थान पर है।

उज्बेकिस्तान 16 स्वर्ण, 21 रजत और 19 कांस्य सहित 56 पदकों के साथ चौथे और ईरान 12 स्वर्ण, 16 रजत तथा 13 कांस्य सहित 41 पदकों के साथ पांचवें स्थान पर है।

भारत 10 स्वर्ण, 23 रजत और 32 कांस्य सहित 65 पदकों के साथ आठवें स्थान पर है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0