एयर इंडिया, एआई एक्सप्रेस ने रियाद की उड़ानें रद्द रखने की अवधि 15 तक बढ़ाई

10 Oct 2026 19:32:53
एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस के जारी  फोटो


नई दिल्ली, 10 अक्टूबर (हि.स.)। पश्चिमी एशिया में तनावपूर्ण माहौल और सऊदी अरब के मौजूदा हालात के मद्देनजर एयर इंडिया एक्सप्रेस और एयर इंडिया ने रियाद से आने-जाने वाली उड़ानों को रद्द रखने की अवधि 15 अक्टूबर तक बढ़ा दी है।

आधिकारिक सूत्रों ने शनिवार को दी जानकारी में बताया कि एयर इंडिया एक्सप्रेस ने रियाद के लिए अपनी सेवाएं 14 अक्टूबर तक रद्द की हैं, जबकि एयर इंडिया ने 15 अक्टूबर तक की उड़ानें निरस्त रखने का फैसला किया है। इससे पहले दोनों एयरलाइंस ने 10 अक्टूबर तक रियाद की उड़ानें रद्द करने की घोषणा की थी।

उन्होंने कहा कि एयरलाइन कंपनियां स्थिति पर बारीकी से नजर रखे हुए हैं और क्षेत्र में हो रहे घटनाक्रमों का लगातार आकलन कर रही हैं। एयर इंडिया एक्सप्रेस और एयर इंडिया प्रभावित यात्रियों को उड़ानें रद्द होने पर पूरी धनराशि वापस करने की पेशकश भी कर रही हैं। एक अधिकारी ने बताया कि एयर इंडिया एक्सप्रेस यात्रियों को बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के यात्रा की तारीख बदलने की सुविधा भी दे रही है।

एयर इंडिया एक्सप्रेस भारत के चार शहरों जिसमें बेंगलुरु, कोच्चि, कन्नूर और कोझिकोड से रियाद के लिए साप्ताहिक आधार पर 16 उड़ानों का संचालन करती है। वहीं, एयर इंडिया दिल्ली और मुंबई से रियाद के लिए सप्ताह में सात उड़ानें संचालित करती है।

उल्लेखनीय है कि इस सप्ताह की शुरुआत में सऊदी अरब के दो हवाई अड्डों रियाद और आभा पर कथित तौर पर हूथी विद्रोहियों ने हमला किया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Powered By Sangraha 9.0