बीएमडब्ल्यू गोल्फ कप 2026: अनीश और विकास ने जीते खिताब, दक्षिण अफ्रीका में दिखाएंगे दम

10 Oct 2026 20:03:53

गुरुग्राम, 10 अक्टूबर (हि.स.)। अनीश भुजले और विकास महाजन ने बीएमडब्ल्यू गोल्फ कप 2026 के नेशनल फाइनल में अपनी-अपनी हैंडीकैप श्रेणियों में खिताब जीतकर अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करने का गौरव हासिल किया है। गुरुग्राम के डीएलएफ गोल्फ एंड कंट्री क्लब में आयोजित फाइनल में कैटेगरी-ए में अनीश और कैटेगरी-बी में विकास विजेता बने। दोनों मार्च 2027 में दक्षिण अफ्रीका में होने वाले बीएमडब्ल्यू गोल्फ कप वर्ल्ड फाइनल में भारतीय टीम का हिस्सा होंगे।

बीएमडब्ल्यू ग्रुप इंडिया की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता के नेशनल फाइनल में देशभर के 40 गोल्फरों ने हिस्सा लिया। इन खिलाड़ियों ने चेन्नई, हैदराबाद, मुंबई, पुणे, अहमदाबाद, दिल्ली, वडोदरा, जयपुर, बेंगलुरु, लखनऊ, पटना, कोलकाता और गुरुग्राम में आयोजित क्षेत्रीय टूर्नामेंटों के जरिये क्वालिफाई किया था। इस सीजन में देशभर से करीब 2,300 गोल्फ प्रेमियों ने प्रतियोगिता में भाग लिया।

फाइनल में हैंडीकैप कैटेगरी-ए (12 तक) में अनीश भुजले ने खिताबी जीत दर्ज की, जबकि कैटेगरी-बी (13 से 28) में विकास महाजन ने बाजी मारी। दोनों विजेता अब वर्ल्ड फाइनल में विभिन्न देशों के गोल्फरों के साथ प्रतिस्पर्धा करेंगे।

बीएमडब्ल्यू ग्रुप इंडिया के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी हरदीप सिंह बराड़ ने विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि यह गोल्फ कप केवल खेल प्रदर्शन का उत्सव नहीं, बल्कि जुनून, उत्कृष्टता और गोल्फ समुदाय की एकजुटता का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष प्रतियोगिता में देशभर से 2,300 प्रतिभागियों की भागीदारी और नेशनल फाइनल में 40 खिलाड़ियों की मौजूदगी इसकी बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाती है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0