मध्य प्रदेश वक्फ बोर्ड की सराहनीय पहल, जरूरतमंद और अनाथ बच्चों की भरेगा स्कूल फीस

युगवार्ता    10-Oct-2026
Total Views |
मध्य प्रदेश वक्फ बोर्ड (फाइल फोटो)


- शिक्षा प्रोत्साहन के लिए रु. 21 लाख से अधिक की सहायता

भोपाल, 10 अक्टूबर (हि.स.) । मध्य प्रदेश सरकार और वक्फ बोर्ड ने मुस्लिम समाज के जरूरतमंद और अनाथ (यतीम) बच्चों की शिक्षा निर्बाध रूप से जारी रखने के उद्देश्य से अहम निर्णय लिया है। योजना के अंतर्गत राजधानी भोपाल में निवासरत ऐसे 289 बच्चों की स्कूल फीस के लिए 21 लाख रुपये से अधिक की राशि स्वीकृत की गई है। इस तरह वक्फ संपत्तियों से अर्जित आय से बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत करने वाला यह मध्य प्रदेश का पहला वक्फ बोर्ड होगा।

जनसंपर्क अधिकारी अवंतिका जायसवाल ने शनिवार को बताया कि इस योजना के तहत प्रत्येक चयनित बच्चे की पढ़ाई के लिए 10 हजार रुपये तक की फीस का भुगतान वक्फ बोर्ड द्वारा सीधे किया जाएगा। यह सहायता राशि मंगलवार, 13 अक्टूबर को वक्फ बोर्ड कार्यालय परिसर स्थित यतीमखाना ग्राउंड पर आयोजित कार्यक्रम में प्रदान की जाएगी।

उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश वक्फ बोर्ड के अनुसार, यतीमखाना संपत्ति से प्राप्त आय का उपयोग वाकिफ (दानदाता) की मूल मंशानुरूप भोपाल के यतीम (अनाथ) बच्चों की भलाई और शैक्षणिक विकास के लिए किया जा रहा है। योजना का लाभ सभी पात्र बच्चों तक पहुँचाने के लिए बोर्ड द्वारा प्रमुख समाचार पत्रों में विज्ञप्ति प्रकाशित कर आवेदन आमंत्रित किए गए थे। प्राप्त आवेदनों के सूक्ष्म परीक्षण एवं निष्पक्ष पारदर्शी सत्यापन के बाद 289 विद्यार्थियों को सहायता के लिए योग्य पाया गया।

मध्य प्रदेश वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सनवर पटेल ने कहा कि नए वक्फ संशोधन प्रावधानों के बाद राज्य में वक्फ संपत्तियों को अवैध कब्जों से मुक्त कराने का सघन अभियान चलाया गया है। संपत्तियों से प्राप्त हो रही वैध आय का ही परिणाम है कि इतनी बड़ी संख्या में ज़रूरतमंद और अनाथ बच्चों के भविष्य को संवारने में इस राशि का उपयोग बच्चों की स्कूल फीस भरने में किया जा रहा है।

यह संपूर्ण देश में अपनी तरह का पहला और अनूठा नवाचार है, जहां कोई राज्य वक्फ बोर्ड अपनी अर्जित आय का सीधे उपयोग मुस्लिम समाज के अनाथ एवं वंचित वर्ग के बच्चों की शिक्षा को सुनिश्चित करने के लिए कर रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Tags