आईपीयू के नए अध्यक्ष मिल्टन डिक के चुनाव में भारत के तीन सांसदों ने किया मतदान

10 Oct 2026 16:33:53

नई दिल्ली, 10 अक्टूबर (हि.स.)। राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश के नेतृत्व में भारतीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल ने तंजानिया के अरुशा में आयोजित अंतर-संसदीय संघ (आईपीयू) की 153वीं विधानसभा के अंतिम दिन शुक्रवार को हुई कार्यवाही में भाग लिया। इस दौरान ऑस्ट्रेलिया की प्रतिनिधि सभा के अध्यक्ष मिल्टन डिक को आईपीयू का अगला अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया।

राज्यसभा सचिवालय के अनुसार, आईपीयू की शासी परिषद की बैठक में हरिवंश के अलावा लोकसभा सदस्य अनुराग सिंह ठाकुर और कमलजीत सहरावत ने भारत को आवंटित तीन मतों का इस्तेमाल किया। गुप्त मतदान के बाद निवर्तमान अध्यक्ष ने डिक के निर्वाचन की घोषणा की।

भारतीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने निर्वाचन की घोषणा के बाद डिक से मुलाकात कर उन्हें बधाई दी और उनके सफल कार्यकाल की कामना की। राज्यसभा सदस्य डॉ. सस्मित पात्रा ने लोकसभा अध्यक्ष की ओर से भेजा गया बधाई पत्र भी उन्हें सौंपा।

इसके अलावा दिव्यांगजनों के अधिकारों और सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के लिए समावेशी सामाजिक विकास से संबंधित संसदीय रणनीतियों पर प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।

सदस्यों ने जलवायु संबंधी आपदाओं से निपटने और हिमालयी क्षेत्र सहित अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में आपदाओं के प्रभावों का सामना करने की क्षमता मजबूत करने के लिए तत्काल संसदीय कार्रवाई से जुड़े प्रस्ताव को भी अपनाया। इसके बाद तंजानिया की नेशनल असेंबली के अध्यक्ष और विधानसभा के अध्यक्ष मुसा अजान जुंगू ने सत्र के समापन की घोषणा की।

आईपीयू की 153वीं विधानसभा पांच से नौ अक्टूबर तक अरुशा में आयोजित की गई। भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने विधानसभा की कार्यवाही और उससे संबंधित विभिन्न बैठकों में हिस्सा लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Powered By Sangraha 9.0