

भोपाल, 10 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को बोधगया (बिहार) प्रवास के दौरान सेवा भारती द्वारा आयोजित नि:शुल्क होम्योपैथिक स्वास्थ्य शिविर में पहुंचकर सेवा भावी चिकित्सकों और स्वयं सेवकों से चर्चा की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव को शिविर की गतिविधियों से अवगत कराया गया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव को सेवा भारती संस्था के सेवा प्रकल्पों की जानकारी से भी अवगत कराया गया। उन्होंने स्थानीय नागरिकों के स्वास्थ्य की देखभाल के लिए शिविरों के आयोजन और स्वास्थ्य के प्रति जन- जागरूकता बढ़ाने के प्रयासों की सराहना की।
बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेमकुमार से मिले मुख्यमंत्री डॉ. यादव
बोधगया प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार से भी सौजन्य भेंट की। डॉ. प्रेम कुमार ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव का स्वागत किया और कहा कि भगवान बुद्ध की ज्ञान, शांति और करुणा की पवित्र भूमि पर आपका आगमन हर्ष का विषय है। आशा है कि दोनों राज्यों के संबंध और प्रगाढ़ होंगे व विकास को नई दिशा मिलेगी।
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर