वॉलीबॉल चैंपियंस लीग में दर्शकों की एंट्री पूरी तरह फ्री, बिना टिकट स्टेडियम में देख सकेंगे मैच

10 Oct 2026 17:19:53
वॉलीबॉल चैंपियंस लीग लोगो


नोएडा, 10 अक्टूबर (हि.स.)। नोएडा इंडोर स्टेडियम में जारी वॉलीबॉल चैंपियंस लीग के मुकाबले अब दर्शक बिना किसी प्रवेश शुल्क के देख सकेंगे। आयोजकों ने भारत में वॉलीबॉल को बढ़ावा देने और अधिक से अधिक दर्शकों को इस खेल से जोड़ने के उद्देश्य से निःशुल्क प्रवेश की व्यवस्था की है। निःशुल्क प्रवेश की व्यवस्था का उद्देश्य स्टेडियम में दर्शकों की संख्या बढ़ाना और देशभर में वॉलीबॉल को अधिक लोकप्रिय बनाना है।

इस पहल से दर्शकों को स्टेडियम में पहुंचकर लाइव मुकाबलों का रोमांच देखने का अवसर मिलेगा। आयोजकों को उम्मीद है कि इससे वॉलीबॉल की लोकप्रियता बढ़ेगी और खेल के प्रति लोगों की रुचि मजबूत होगी।

ग्रुप ए में एम्पीरिया मराठाज शीर्ष पर

लीग के सात मुकाबलों के बाद ग्रुप ए में एम्पीरिया मराठाज दो जीत से चार अंक लेकर शीर्ष स्थान पर है। पंजाब एयरोस्ट्राइकर्स तीन अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है, जबकि अयोध्या गर्जन दो अंकों के साथ तीसरे स्थान पर बनी हुई है।

ग्रुप बी में तमिल टाइटंस को बढ़त

ग्रुप बी में तमिल टाइटंस दो जीत से चार अंक लेकर पहले स्थान पर है। नम्मा बेंगलुरु स्मैशर्स भी चार अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है, जबकि हरियाणा हरिकेन्स तीन अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है।

लीग में 10 टीमें ले रही हैं हिस्सा

वॉलीबॉल चैंपियंस लीग में कुल 10 टीमें भाग ले रही हैं। इनमें एम्पीरिया मराठाज, पंजाब एयरोस्ट्राइकर्स, अयोध्या गर्जन, गरवी गुज्जूज, राजस्थान स्पाइकर्स, तमिल टाइटंस, नम्मा बेंगलुरु स्मैशर्स, हरियाणा हरिकेन्स, दिल्ली डायनामाइट्स और हुगली हिटर्स शामिल हैं।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0