उत्तरकाशी में 4.2 तीव्रता का भूकंप, कई क्षेत्रों में महसूस हुए झटके

10 Oct 2026 23:06:53
फाइल चित्र।


- भटवाड़ी के बसुंगा जंगल में रहा केंद्र, फिलहाल नुकसान की सूचना नहीं

उत्तरकाशी, 10 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में शनिवार रात भूकंप के झटके महसूस किए गए। मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 4.2 मापी गई। भूकंप का केंद्र भटवाड़ी तहसील के अंतर्गत बसुंगा गांव के जंगल में था। फिलहाल जिले में किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।

जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक, भूकंप रात 8 बजकर 7 मिनट 30 सेकंड पर आया। इसकी गहराई धरती की सतह से 11 किलोमीटर नीचे दर्ज की गई। भूकंप के झटके उत्तरकाशी जिला मुख्यालय के अलावा भटवाड़ी, डुंडा, चिन्यालीसौड़, बड़कोट और धौंतरी क्षेत्रों में महसूस किए गए। वहीं, पुरोला और मोरी क्षेत्र में झटके महसूस नहीं किए गए।

भूकंप के झटकों के बाद प्रशासन ने सभी तहसीलों, थानों, पुलिस चौकियों और राजस्व उपनिरीक्षकों के माध्यम से स्थिति की जानकारी जुटाई। रिपोर्ट में कहा गया है कि जिले में अब तक कहीं से भी नुकसान की सूचना प्राप्त नहीं हुई है।

प्रशासन ने भटवाड़ी और चिन्यालीसौड़ क्षेत्र में स्थित मनेरी बांध, तिलोथ, जोशियाड़ा और धरासू बांधों की स्थिति की भी जानकारी ली। इन बांधों को भूकंप से किसी प्रकार की क्षति होने की सूचना नहीं मिली है। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नुकसान का आकलन करने व आवश्यकता पड़ने पर राहत एवं बचाव कार्यों के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए हैं। संभावित पुनः झटकों को देखते हुए संबंधित अधिकारियों और पुलिस इकाइयों को सतर्क रहने को कहा गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Powered By Sangraha 9.0