हसन महमूद टेस्ट में हैट्रिक लेने वाले बांग्लादेश के पहले तेज गेंदबाज बने

11 Oct 2026 16:15:53
हसन महमूद, फोटो आईसीसी सोशल मीडिया एक्स


अबू धाबी, 11 अक्टूबर (हि.स)। बांग्लादेश के तेज गेंदबाज हसन महमूद ने रविवार को एक और उपलब्धि अपने नाम की। वह टेस्ट क्रिकेट में हैट्रिक लेने वाले बांग्लादेश के पहले तेज गेंदबाज बने हैं। उन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ अबू धाबी में एकमात्र टेस्ट के तीसरे दिन रविवार को लगातार गेंदों पर इस्मत आलम, कैस अहमद और जिया-उर-रहमान को आउट कर अपनी हैट्रिक पूरी की।

हसन महमूद ने हैट्रिक की शुरुआत इस्मत आलम को बोल्ड करके की। इसके बाद अगली गेंद पर अहमद ने बल्ला लगाया और विकेटकीपर लिटन दास ने उनका कैच पकड़ लिया। वह बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। लगातार तीसरी गेंद पर महमूद ने जिया-उर-रहमान को पगबाधा आउट करने की अपील की। मैदानी अंपायर ने शुरुआत में उनकी अपील खारिज कर दी, जिसके बाद बांग्लादेश ने निर्णय समीक्षा प्रणाली (डीआरएस) का सहारा लिया। हॉक-आई तकनीक से पता चला कि गेंद ऑफ स्टंप पर लग रही थी। इसके बाद अंपायर ने अपना फैसला बदल दिया और आउट करार दिया। वह भी बिना खाता खोले पवेलियन लौटे।

हसन महमूद से पहले बांग्लादेश की ओर से आलोक कपाली ने 2003 में पेशावर में पाकिस्तान के खिलाफ और सोहाग गाजी ने 2013 में चटगांव में न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में हैट्रिक ली थी। दोनों स्पिन गेंदबाज थे।

महमूद अब इस सूची में शामिल होने वाले तीसरे बांग्लादेशी गेंदबाज हैं। वह टेस्ट में हैट्रिक लेने वाले देश के पहले तेज गेंदबाज भी हैं। महमूद ने कुल 55 रन देकर पांच विकेट हासिल किए। उनकी प्रभावशाली गेंदबाजी के सामने अफगानिस्तान की पहली पारी 240 रन पर सिमट गई। बांग्लादेश ने पहली पारी में 346 रन बनाए थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह

Powered By Sangraha 9.0