अर्शदीप-अभिषेक के दम पर भारत की जीत, तीसरे टी20 में वेस्टइंडीज को 14 रन से हराया

11 Oct 2026 23:19:53
अर्शदीप-अभिषेक के दम पर भारत की जीत, तीसरे टी20 में वेस्टइंडीज को 14 रन से हराया


इंदौर, 11 अक्टूबर (हि.स.)। अभिषेक शर्मा की विस्फोटक बल्लेबाजी और अर्शदीप सिंह की प्रभावी गेंदबाजी के दम पर भारत ने तीसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में वेस्टइंडीज को 14 रन से हरा दिया। रविवार को होलकर स्टेडियम में खेले गए मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 223 रन बनाए। जवाब में वेस्टइंडीज की टीम निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 209 रन ही बना सकी। इस जीत के साथ भारत ने पांच मैचों की सीरीज में 2-1 की बढ़त हासिल कर ली।

अभिषेक शर्मा ने महज 30 गेंदों पर 69 रन की पारी खेली, जिसमें छह चौके और पांच छक्के शामिल रहे। उन्हें ईशान किशन का भरपूर साथ मिला। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 108 रन की तेज साझेदारी कर भारत को बड़े स्कोर की राह पर पहुंचाया। हालांकि, मध्यक्रम में लगातार विकेट गिरने और रन आउट की गलतियों के कारण भारतीय टीम संभावित 250 रन के करीब पहुंचने से चूक गई।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज की शुरुआत अच्छी नहीं रही। अर्शदीप सिंह ने सलामी बल्लेबाज शाई होप को एक रन पर बोल्ड कर भारत को पहली सफलता दिलाई। इसके बाद शिमरॉन हेटमायर ने आक्रामक अंदाज अपनाते हुए 43 रन बनाए, लेकिन नमन धीर की धीमी गेंद पर बोल्ड हो गए। रोवमैन पॉवेल पांच रन बनाकर अक्षर पटेल की गेंद पर कैच आउट हुए।

इससे पहले, भारत की पारी में अभिषेक ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए केवल 18 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। अपनी पारी के दौरान उन्होंने गेंदों का सामना करने के लिहाज से टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 2,000 रन पूरे करने का सबसे तेज रिकॉर्ड भी बनाया। भारत की ओर से मिली तेज शुरुआत के बावजूद आखिरी ओवरों में विकेट गिरने से स्कोर 223 रन तक सीमित रह गया।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0