
इंफाल, 11 अक्टूबर (हि.स.)। मणिपुर में पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों ने बीते 24 घंटे में चलाए गए अलग-अलग अभियानों में दो प्रतिबंधित उग्रवादी संगठनों के तीन सक्रिय कैडरों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों पर जबरन वसूली तथा हथियारों के परिवहन में शामिल होने का आरोप है। पुलिस ने दोनों मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मिली विशेष सूचना के आधार पर मणिपुर पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम ने 10 अक्टूबर को इंफाल पश्चिम जिले के लाम्बोइखोंगनांगखोंग इलाके में अभियान चलाया। इस दौरान रिवोल्यूशनरी पीपुल्स फ्रंट (आरपीएफ)/पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) के कथित सक्रिय कैडर वांगखेम मलेमंगनबा (37) को गिरफ्तार किया गया। वह इसी इलाके की लेन नंबर 12 का निवासी है और उस पर जबरन वसूली में शामिल होने का आरोप है। इस संबंध में लाम्फेल पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है।
एक अन्य अभियान में, इसी दिन थौबल जिले में जबरन वसूली की गतिविधियों से संबंधित सूचना के आधार पर सीडीओ-थौबल की टीम ने प्रीपाक (प्रो) के कथित सक्रिय कैडर एलांगबम दिनेश सिंह (38) को खांगाबोक से गिरफ्तार किया।
पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर सुरक्षा बलों ने काकचिंग लामखाई निवासी पोतशंगबम बिजेन सिंह (33) को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, दोनों पर जबरन वसूली और हथियारों के परिवहन में शामिल होने का आरोप है। इस मामले में थौबल पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश