
काठमांडू, 11 अक्टूबर (हि.स.)। नेपाल के गोरखा जिले के चुमनुब्री गांवपालिका में रविवार सुबह अचानक भीषण बाढ़ आ गई। बुढ़ीगंडकी नदी में आई बाढ़ से पैयू और बगर गांवों के 35 मकान बह गए। बाढ़ के कारण कई गांवों में व्यापक नुकसान हुआ है, जबकि कई मोटर पुल और झूला पुल भी बह गए हैं। प्रशासन ने नदी के निचले तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है।
गोरखा के प्रमुख जिला अधिकारी धरेन्द्र कुमार मिश्र ने बताया कि रविवार सुबह 4 बजकर 35 मिनट पर बड़ी बाढ़ आने की सूचना मिली। स्थिति का जायजा लेने के लिए नेपाली सेना का हेलीकॉप्टर भेजने की तैयारी की जा रही है।
चुमनुब्री गांवपालिका के अध्यक्ष निमा लामा के अनुसार, गांवपालिका स्थित चुम्के खोला में भूस्खलन के कारण नदी का बहाव अवरुद्ध हो गया था। इसके बाद अचानक बाढ़ आ गई। बाढ़ पूर्वानुमान महाशाखा ने लोगों को सतर्क करने के लिए एसएमएस अलर्ट जारी किया है। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने भी नदी किनारे रहने वाले लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।
चुमनुब्री गांवपालिका की उपाध्यक्ष लक्ष्मी गुरुङ के मुताबिक, बाढ़ से दोभान, घट्टेखोला, जगत और सल्लेरी गांवों में व्यापक क्षति हुई है। बाढ़ में आरुघाट गांवपालिका के सोती और मान्बु को जोड़ने वाला मोटर पुल बह गया। पुलिस के अनुसार, चुमनुब्री गांवपालिका के न्याकचेत में न्याकचेत और सिर्दिबास को जोड़ने वाला पुराना झूला पुल भी बह गया है।
इसी तरह धार्चे गांवपालिका के माछीखोला से केरौजा को जोड़ने वाला झूला पुल और आरुघाट गांवपालिका तथा 3 को जोड़ने वाला सोती स्थित लोहे का पक्का पुल भी बाढ़ की चपेट में आकर बह गया।
बाढ़ के खतरे को देखते हुए सिर्दिबास तथा धार्चे गांवपालिका के खोल्राबेसी, माछाखोला, सोती, आर्खेत और आरुघाट क्षेत्र के लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की गई है। जिला पुलिस कार्यालय गोरखा के पुलिस निरीक्षक आकाश कंडेल ने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और संभावित खतरे को देखते हुए सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए कहा गया है।
बुढ़ीगंडकी नदी में अचानक आई बाढ़ के बाद स्वास्थ्य आपातकालीन केंद्र को सक्रिय कर दिया गया है। स्वास्थ्य एवं खाद्य स्वच्छता मंत्रालय के अनुसार, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं, आपातकालीन उपचार और अन्य चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए तैयारी और समन्वय किया जा रहा है। मंत्रालय ने स्वास्थ्य संबंधी सहायता की आवश्यकता होने पर हेल्पलाइन नंबर 1115 पर संपर्क करने को कहा है।
नेपाल के गृहमंत्री सुदन गुरुंग ने बुढ़ीगंडकी नदी के किनारे और निचले तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों से तत्काल सुरक्षित स्थानों पर जाने और अत्यधिक सतर्कता बरतने की अपील की है।
फेसबुक पर जारी अपने संदेश में उन्होंने विशेष रूप से सिर्दिबास, जगत, सल्लेरी, खोलाबेसी, माछाखोला, सोती, आर्खेत और आरुघाट क्षेत्र के निवासियों से सुरक्षित स्थानों पर जाने का आग्रह किया।
गृहमंत्री ने कहा कि नेपाल को एक बार फिर भीषण बाढ़ का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने अपने निर्वाचन क्षेत्र गोरखा के चुमनुब्री गांवपालिका स्थित न्याकचेत और फिलिम बाजार को जोड़ने वाला पुल बहने तथा घट्टेखोला क्षेत्र के कुछ मकानों में मलबे के साथ पानी घुसने की खबरों पर चिंता जताई। उन्होंने यह भी कहा कि नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है।
गृहमंत्री के मुताबिक, घटना के तुरंत बाद नेपाल पुलिस, सशस्त्र पुलिस बल और स्थानीय प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्यों तथा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए सक्रिय किया गया है। प्रभावित क्षेत्र में हेलीकॉप्टरों की तैनाती की प्रक्रिया भी शुरू की गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास