प्राइमरी मार्केट में अगले सप्ताह आयेंगे 7 नए आईपीओ, सिर्फ एक कंपनी के शेयर की होगी लिस्टिंग

11 Oct 2026 14:13:53
प्रतीकात्मक


नई दिल्ली, 11 अक्टूबर (हि.स.)। सोमवार यानी 12 अक्टूबर से शुरू हो रहे कारोबारी सप्ताह में आईपीओ लॉन्चिंग के लिहाज से सामान्य हलचल रहने वाली है। सोमवार से शुक्रवार तक के इस नए कारोबारी सप्ताह में सात कंपनियां अपने पब्लिक इश्यू लॉन्च करने जा रही हैं। इनमें से पांच मेनबोर्ड सेगमेंट से हैं, जबकि शेष दो कंपनियां एसएमई सेगमेंट की हैं। लिस्टिंग के लिहाज से ये सप्ताह काफी सुस्त रहने वाला है। इस सप्ताह सिर्फ एक कंपनी के शेयर स्टॉक मार्केट में लिस्ट होकर अपने कारोबार की शुरुआत करने वाले हैं।

सप्ताह के दूसरे कारोबारी दिन 13 अक्टूबर को एचडी फायर प्रोजेक्ट का 712.31 करोड़ रुपये का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा। इस इश्यू में 15 अक्टूबर तक बोली लगाई जा सकेगी। आईपीओ में बोली लगाने के लिए 258 रुपये प्रति शेयर से लेकर 271 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है, जबकि लॉट साइज 55 शेयर का है। आईपीओ की क्लोजिंग के बाद 21 अक्टूबर को बीएसई और एनएसई पर कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग हो सकती है।

इसी दिन रविता इंजीनियरिंग सर्विसेज का 116.05 करोड़ रुपये का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा। इस इश्यू में भी 15 अक्टूबर तक बोली लगाई जा सकेगी। आईपीओ में बोली लगाने के लिए 105 रुपये प्रति शेयर से लेकर 112 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है, जबकि लॉट साइज 1,200 शेयर का है। आईपीओ की क्लोजिंग के बाद 21 अक्टूबर को एनएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग हो सकती है।

मंगलवार यानी 13 अक्टूबर को ही वैभव व्यापार का 42.10 करोड़ रुपये का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा। इस इश्यू में भी 15 अक्टूबर तक बोली लगाई जा सकेगी। आईपीओ में बोली लगाने के लिए 51 रुपये प्रति शेयर से लेकर 54 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है, जबकि लॉट साइज 2,000 शेयर का है। आईपीओ की क्लोजिंग के बाद 21 अक्टूबर को एनएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग हो सकती है।

इसके अगले दिन 14 अक्टूबर को फ्यूजन सीएक्स लिमिटेड का 702 करोड़ रुपये का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा। इस इश्यू में 16 अक्टूबर तक बोली लगाई जा सकेगी। आईपीओ में बोली लगाने के लिए 275 रुपये प्रति शेयर से लेकर 289 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है, जबकि लॉट साइज 51 शेयर का है। आईपीओ की क्लोजिंग के बाद 22 अक्टूबर को बीएसई और एनएसई पर कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग हो सकती है।

सप्ताह के चौथे कारोबारी दिन 15 अक्टूबर को सहजानंद मेडिकल टेक्नोलॉजीज लिमिटेड का आईपीओ लॉन्च होने वाला है। इस इश्यू में 19 अक्टूबर तक बोली लगाई जा सकेगी। फिलहाल इस आईपीओ के लिए प्राइस बैंड और लॉट साइज का ऐलान नहीं किया गया है। आईपीओ के तहत कुल 2,76,44,231 शेयर ऑफर फॉर सेल विंडो के जरिये बेचे जाएंगे। आईपीओ की क्लोजिंग के बाद 23 अक्टूबर को बीएसई और एनएसई पर कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग हो सकती है।

इसी दिन टोन्बो इमेजिंग इंडिया का आईपीओ भी लॉन्च होने वाला है। इस इश्यू में भी 19 अक्टूबर तक बोली लगाई जा सकेगी। फिलहाल इस आईपीओ के लिए भी प्राइस बैंड और लॉट साइज का ऐलान नहीं किया गया है। आईपीओ के तहत कुल 1,21,74,046 शेयर ऑफर फॉर सेल विंडो के जरिये बेचे जाएंगे। आईपीओ की क्लोजिंग के बाद 23 अक्टूबर को बीएसई और एनएसई पर कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग हो सकती है।

इसके अलावा जेटवर्क मैन्युफैक्चरिंग बिजनेस लिमिटेड का आईपीओ भी सब्सक्रिप्शन के लिए इसी दिन खुलने वाला है। इस इश्यू में भी 19 अक्टूबर तक बोली लगाई जा सकेगी। फिलहाल इस आईपीओ के लिए भी प्राइस बैंड, लॉट साइज और इश्यू साइज का ऐलान नहीं किया गया है। आईपीओ की क्लोजिंग के बाद 23 अक्टूबर को बीएसई और एनएसई पर कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग हो सकती है।

नए सप्ताह में 12 अक्टूबर को बीएसई और एनएसई पर आरके फैशन एसेसरीज की लिस्टिंग होने जा रही है। कंपनी का 34.99 करोड़ रुपये पांच से सात अक्टूबर के बीच सब्सक्रिप्शन के लिए खुला था और यह कुल 2.70 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए रिजर्व हिस्सा 14.11 गुना, नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व हिस्सा 1.77 गुना और रिटेल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व हिस्सा 3.11 गुना सब्सक्राइब हुआ। इस आईपीओ के लिए 77 रुपये प्रति शेयर से लेकर 82 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Powered By Sangraha 9.0