संगठित समाज से समर्थ राष्ट्र का निर्माण, संघ की शताब्दी यात्रा का ध्येय : डॉ मनमोहन वैद्य

11 Oct 2026 20:37:53
विजयादशमी उत्सव का आयोजन मौके पर पटना में डा मनमोहन वैद्य अपना सम्बोधन करते हुए


पटना, 11 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, पटना महानगर की ओर से रविवार को राजेंद्र नगर स्थित शाखा मैदान में विजयादशमी उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य डॉ. मनमोहन वैद्य मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में विजयादशमी पर्व के महत्व और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की शताब्दी यात्रा के संदर्भ में समाज संगठन, सांस्कृतिक चेतना तथा राष्ट्रसेवा के विषयों पर विचार रखे गए। मुख्य वक्ता डॉ. मनमोहन वैद्य ने अपने बौद्धिक में संघ की सौ वर्षों की यात्रा का उल्लेख करते हुए समाज को संगठित करने और राष्ट्रजीवन के विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाने के प्रयासों को रेखांकित किया।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अपनी शाखाओं के माध्यम से समाज को संगठित करने का कार्य करता है। साथ ही, समाज के विभिन्न क्षेत्रों में संगठनात्मक कार्यों के विस्तार के लिए संघ के विचार परिवार के अनेक संगठन सक्रिय हैं। इन संगठनों के माध्यम से कर्तव्यनिष्ठ कार्यकर्ता राष्ट्रजीवन के विविध क्षेत्रों में मां भारती की सेवा में समर्पित हैं।

डॉ वैद्य ने संघ की शताब्दी यात्रा को संगठन, अनुशासन, सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय चेतना के विकास से जोड़ते हुए समाज की एकजुटता को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने राष्ट्र के प्रति समर्पण, कर्तव्यबोध और सेवा की भावना को मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया।

विजयादशमी पर्व की प्रासंगिकता पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि यह पर्व सत्य की असत्य पर तथा धर्म की अधर्म पर विजय का प्रतीक है। यह समाज को अन्याय के विरुद्ध खड़े होने, सद्भाव बनाए रखने और अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की प्रेरणा देता है।

उत्सव में उपस्थित स्वयंसेवकों एवं नागरिकों के बीच राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने, भारतीय संस्कृति के मूल्यों को आत्मसात करने और सामाजिक एकात्मता को मजबूत बनाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में संघ की शताब्दी यात्रा के माध्यम से समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया गया।

इस मौके क्षेत्र कार्यवाह डॉ मोहन सिंह, क्षेत्र प्रचारक रामनवमी जीजी विद्या भारती के क्षेत्र संगठन मंत्री ख्यालीराम जी, प्रदेश सचिव प्रदीप कुमार कुशवाहा, दक्षिण बिहार प्रांत के सह प्रांत कार्यवाह डॉ विनायक पद्माकर जी, उमेश रंजन कुमार, दक्षिण बिहार प्रांत प्रचारक सहित विचार परिवार से सैकड़ों की संख्या अधिकारी व समाज के प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।

समारोह की अध्यक्षता महानगर संघचालक डॉ राजीव कुमार सिंह ने की। अलंकार मोटर्स के निदेशक कैप्टन उद्यम प्रियऋषप मुख्य अतिथि रहे। मंच संचालन चक्रधर मिश्र ने किया। इस मौके पर विशिष्ट अतिथियों सहित हजारों स्वयंसेवकों ने उत्सव में सहभागिता की।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

Powered By Sangraha 9.0